भगवान अग्रसेन जी महाराज व राष्ट्रनायकों के अपमान पर उबाल, अग्रवाल समाज 6 नवम्बर को रायपुर में करेगा विशाल धरना प्रदर्शन






त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा *****/कोरबा/रायपुर।
शांतिप्रिय छत्तीसगढ़ की सामाजिक एकता और सद्भावना को ठेस पहुंचाने वाली अभद्र टिप्पणियों के विरोध में अब अग्रवाल समाज सड़क पर उतरने जा रहा है। तथाकथित स्वयंभू नेता अमित बघेल द्वारा भगवान श्री अग्रसेन जी महाराज, अग्रवाल समाज, ब्राह्मण समाज, सिंधी समाज, मुख्यमंत्री मा. विष्णुदेव साय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय और अन्य राष्ट्रनायकों के प्रति की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों ने समाज में गहरा आक्रोश पैदा कर दिया है।
इसी के विरोध में छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन, रायपुर के नेतृत्व में 06 नवम्बर 2025 (गुरुवार) को अग्रसेन चौक, समता कॉलोनी, रायपुर में एक विशाल धरना प्रदर्शन का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रदर्शन में राज्यभर से अग्रवाल समाज के सदस्य बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
कोरबा से भी छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन, कोरबा के चेयरमैन श्री अशोक मोदी अपने पदाधिकारियों एवं समाज के सदस्यों के साथ रायपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
अग्रवाल सभा कोरबा के अध्यक्ष श्री राजेन्द्र अग्रवाल ने कहा कि अग्रवाल समाज सदैव राष्ट्रहित, लोककल्याण और सेवा कार्यों में अग्रणी रहा है। समाज के लोग मंदिर, विद्यालय, धर्मशाला, शीतल जल प्याऊ, वृद्धाश्रम और अनाथालय जैसे अनगिनत सेवा कार्यों से समाज को दिशा देते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे समाज को यह प्रेरणा भगवान श्री अग्रसेन जी महाराज से प्राप्त होती है, जो समानता, करुणा और सहयोग की भावना के प्रतीक हैं।
अग्रवाल सभा कोरबा के पूर्व अध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के उपाध्यक्ष श्रीकांत बुधिया ने कहा कि भगवान अग्रसेन जी महाराज एवं राष्ट्रनायकों के प्रति अभद्र टिप्पणी करना केवल एक समाज का नहीं बल्कि सम्पूर्ण देश की संस्कृति और संस्कारों का अपमान है। उन्होंने कहा कि समाज ऐसे व्यक्ति को कभी क्षमा नहीं करेगा और जब तक न्याय नहीं मिलता, विरोध जारी रहेगा।
इसी क्रम में छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के उपाध्यक्ष श्री बजरंग अग्रवाल ने कहा कि समाज में वैमनस्य फैलाने वाले ऐसे लोगों के खिलाफ सभी समाजों को एकजुट होकर आवाज़ उठानी चाहिए। उन्होंने शासन-प्रशासन से मांग की कि अमित बघेल पर शीघ्र एवं कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस प्रकार की अमर्यादित टिप्पणी करने का दुस्साहस न कर सके।
अग्रवाल संगठन ने छत्तीसगढ़ के समस्त शांतिप्रिय नागरिकों से अपील की है कि वे इस आंदोलन में सहयोग प्रदान करें और रायपुर पहुंचकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं, ताकि यह संदेश पूरे प्रदेश में गूंज उठे कि धर्म, संस्कृति और समाज के अपमान पर छत्तीसगढ़ चुप नहीं बैठेगा।
— छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन, रायपुर





