राज्योत्सव में नेताओं के कटआउट ढोने के लिए पशु ट्राली का उपयोग — निगम अधिकारियों पर महापौर की सख्ती, आयुक्त ने मांगा जवाब






त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कोरबा छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव कार्यक्रम की तैयारियों के बीच नगर निगम के कुछ अधिकारियों की गंभीर लापरवाही उजागर हुई है। मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, श्रम मंत्री सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के कटआउट को पशु ट्राली (काऊ कैचर वाहन) में ढोए जाने के मामले ने प्रशासन को हिला दिया है। महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत के निर्देश पर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए संबंधित तीन अधिकारियों से 48 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है।
जानकारी के अनुसार 2 से 4 नवंबर तक ओपन थिएटर में आयोजित होने वाले राज्योत्सव कार्यक्रम स्थल पर नेताओं के कटआउट लगाने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान उन्हें पशु ट्राली में एक स्थान से दूसरे स्थान पर पहुंचाया गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो और फोटो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया। बताया जा रहा है कि यह पहली बार नहीं बल्कि दूसरी बार ऐसा हुआ है। इससे पहले 11 सितंबर 2025 को भी नगर निगम के ही कर्मचारियों द्वारा नेताओं के कटआउट को काऊ कैचर वाहन में ढोया गया था, जिस पर निगम प्रशासन ने कड़ी चेतावनी दी थी।
आयुक्त आशुतोष पांडेय ने इसे कर्तव्य में गंभीर लापरवाही और छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 का उल्लंघन बताया है। इस मामले में उप अभियंता अश्विनी दास, स्वच्छता निरीक्षक रविंद्र थवाईत और उप अभियंता अभय मिंज को नोटिस जारी कर 48 घंटे में जवाब मांगा गया है। आयुक्त ने कहा है कि यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
महापौर ने जताई नाराज़गी
कोरबा नगर निगम की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने इस पूरे प्रकरण को अत्यंत गंभीर बताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्रियों के सम्मान से जुड़ी किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने निगम अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि भविष्य में ऐसे असंवेदनशील कृत्य की पुनरावृत्ति न हो, अन्यथा कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
राज्योत्सव जैसे गरिमामय आयोजन में इस तरह की गलती से नगर निगम की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न लग गया है। अब देखना यह होगा कि निगम प्रशासन दोषी अधिकारियों के खिलाफ क्या कदम उठाता है।





