August 15, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कांग्रेस की वादाखिलाफी पर बरसे मंत्री केदार कश्यप — कहा, “रूदाली-प्रलाप से पहले अपने शासनकाल की नाकामियां याद करें बैज”

1 min read

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/रायपुर। छत्तीसगढ़ के वन एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज पर तीखा पलटवार करते हुए कहा कि राज्योत्सव के रजत जयंती वर्ष जैसे गौरवशाली अवसर पर भी कांग्रेस रूदाली-रोदन की अपनी आदत से बाज नहीं आ रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश और देश के संत-महात्माओं की स्मृतियों से जुड़े इस ऐतिहासिक अवसर पर कांग्रेस का नकारात्मक रवैया उसकी निराशा और हताशा को प्रदर्शित करता है।
मंत्री कश्यप ने कहा कि दीपक बैज को दूसरों पर आरोप लगाने से पहले अपने शासनकाल की वादाखिलाफी और विफलताओं को याद करना चाहिए। उन्होंने कहा — “भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी पर सवाल उठाने का बैज को कोई नैतिक अधिकार नहीं है। सन 2018 में कांग्रेस ने छत्तीस वादे किए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद जनता से छल और धोखाधड़ी की। किसानों से प्रति एकड़ 20 क्विंटल धान खरीदने, शराबबंदी लागू करने, युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देने, महिलाओं को 500 रुपए प्रतिमाह देने और फूड प्रोसेसिंग यूनिट लगाने के वादे केवल चुनावी जुमले साबित हुए।”
कश्यप ने कहा कि राहुल गांधी ने स्वयं छत्तीसगढ़ में घूम-घूमकर इन घोषणाओं का प्रचार किया था, लेकिन सत्ता में आने के बाद न तो उन्होंने इसकी चर्चा की और न ही राज्य सरकार को जवाबदेह बनाया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा — “जब कांग्रेस की भूपेश सरकार जनता से छल कर रही थी, तब दीपक बैज मौन क्यों थे? उस समय उन्होंने अपनी ही सरकार के खिलाफ एक शब्द क्यों नहीं कहा?”
वन मंत्री ने नवा रायपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम पर कांग्रेस के तंज को भी हास्यास्पद बताया। उन्होंने कहा — “बैज की याददाश्त अब इतनी कमजोर हो चुकी है कि वे भूल गए हैं कि हसदेव-तमनार क्षेत्र में जिन खदानों की वजह से पेड़ कट रहे हैं, उन खदानों की लीज स्वयं कांग्रेस की भूपेश सरकार ने दी थी।”
मंत्री कश्यप ने कहा कि वर्तमान में केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारें मिलकर छत्तीसगढ़ को “विकसित राज्य” बनाने के संकल्प पर तेजी से काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में केवल भ्रष्टाचार, राजनीतिक अपराधीकरण और नक्सलियों से सौहार्द बढ़ाने का कार्य किया, जबकि भाजपा जनता के विकास और सुशासन के लिए समर्पित है।
कश्यप ने कांग्रेस को नसीहत देते हुए कहा कि जनता अब जागरूक है और झूठे वादों के मायाजाल में नहीं फँसने वाली। उन्होंने कहा — “छत्तीसगढ़ विकास के नए दौर में प्रवेश कर चुका है, और कांग्रेस की राजनीति अब अतीत की बात बन चुकी है।”

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.