August 15, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

ग्रामीणों को मिला उपभोक्ता अधिकारों का ज्ञान — चूइयां व इमलीछापर में जिला उपभोक्ता आयोग ने लगाए जागरूकता शिविर

1 min read

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कोरबा। उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों, कर्तव्यों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग, कोरबा द्वारा कोरबा ब्लॉक के ग्राम चूइयां एवं इमलीछापर में उपभोक्ता जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में आयोग की अध्यक्षा रंजना दत्ता एवं सदस्य पंकज कुमार देवड़ा ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उपभोक्ता कानूनों, ई-फाइलिंग और ई-हियरिंग की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अब उपभोक्ता अपने घर से ही ऑनलाइन माध्यम से शिकायत दर्ज कर सकते हैं और सुनवाई में शामिल हो सकते हैं। यह व्यवस्था उपभोक्ताओं को न्याय प्राप्त करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
शिविर के दौरान उपस्थित ग्रामीणों को अनुचित व्यापार व्यवहार, बैंकिंग और बीमा सेवाओं में धोखाधड़ी, फसल बीमा, फाइनेंस, ऑनलाइन खरीददारी जैसे क्षेत्रों में अपने अधिकारों की रक्षा के उपायों से अवगत कराया गया। साथ ही उन्हें यह भी बताया गया कि किसी भी प्रकार के शोषण या ठगी की स्थिति में वे सीधे उपभोक्ता आयोग में शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

 

 

आयोग के डाटा एंट्री ऑपरेटर मनीराम श्रीवास ने भी उपभोक्ता कानूनों और शिकायत निवारण की प्रक्रिया पर विस्तृत जानकारी दी। शिविर में गांव के सरपंच, पंच, जनपद सदस्य, मितानिन, कोटवार, पुलिस कर्मी, वरिष्ठ नागरिक एवं बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों ने ई-हियरिंग और ई-फाइलिंग से संबंधित अनेक प्रश्न पूछे, जिनका समाधान आयोग की टीम द्वारा विस्तारपूर्वक किया गया। कार्यक्रम को ग्रामीणों ने अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से आम जनता को ठगी और शोषण से बचने में मदद मिलेगी।
शिविर के सफल आयोजन में आयोग के कर्मचारी नजीर रामनारायण पटेल, राजेश्वर इंग्ले, नूतन राजपूत सहित अन्य सदस्यों का विशेष योगदान रहा।
यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में उपभोक्ता जागरूकता के प्रसार की दिशा में एक सराहनीय कदम साबित हो रही है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.