अदाणी फाउंडेशन की ‘उड़ान’ से नई दिशा — विद्यार्थियों ने केपीएल संयंत्र में देखा बिजली उत्पादन का आधुनिक स्वरूप, प्राचार्य और शिक्षकों ने सराहा पहल






त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कोरबा छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में अदाणी फाउंडेशन की ‘उड़ान परियोजना’ के तहत शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों, प्राचार्यों और शिक्षकों को उद्योग एवं ऊर्जा उत्पादन की वास्तविक प्रक्रिया से जोड़ने का अभिनव प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों के 250 से अधिक विद्यार्थियों और 155 प्राचार्यों ने ग्राम पताड़ी स्थित कोरबा पॉवर लिमिटेड (केपीएल) संयंत्र का भ्रमण किया, जहां उन्होंने बिजली उत्पादन की आधुनिक तकनीक को नजदीक से देखा और समझा।
अदाणी फाउंडेशन द्वारा संचालित ‘उड़ान परियोजना’ का उद्देश्य विद्यार्थियों में उद्यमशीलता की भावना विकसित करना और उन्हें औद्योगिक जगत के व्यावहारिक पहलुओं से परिचित कराना है। इस परियोजना के अंतर्गत कोरबा जिले के पाँचों ब्लॉकों के 170 विद्यालयों के लगभग 7000 विद्यार्थियों को चरणबद्ध तरीके से शैक्षणिक भ्रमण कराया जाएगा।
अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी का कहना है —
“छात्रों और युवाओं को बड़े सपने देखने तथा अपनी क्षमता पर विश्वास करने के लिए प्रेरित करना आवश्यक है। अदाणी फाउंडेशन की ‘उड़ान’ परियोजना के माध्यम से हम उन्हें उद्योगों की कार्यप्रणाली का अनुभव देकर आत्मनिर्भर और सफल नागरिक बनने की दिशा में प्रोत्साहित कर रहे हैं।”
परियोजना के पहले चरण की शुरुआत सितंबर माह में की गई थी, जिसमें 170 विद्यालयों के प्राचार्य और शिक्षकों को संयंत्र भ्रमण कराया गया। द्वितीय चरण के अंतर्गत अब विद्यार्थियों को शामिल किया जा रहा है। सोमवार से शनिवार तक आयोजित भ्रमण कार्यक्रम में कोरबा ब्लॉक के दो तथा पाली और पोड़ी-उपरोड़ा ब्लॉक के एक-एक विद्यालय के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
भ्रमण के दौरान संयंत्र के वरिष्ठ अभियंताओं ने विद्यार्थियों को बिजली उत्पादन की प्रक्रिया, उपयोग में आने वाली मशीनों और कच्चे माल के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी मनीराम मरकाम, सुश्री प्रीति खैरवार, एस.के. नायक, पीएम श्रीसेज विद्यालय तिलकेजा के प्राचार्य एम.आर. श्रीवास, केपीएल के मुख्य व्यवसाय अधिकारी समीर कुमार मित्रा और सी.वी.के. प्रसाद द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर अदाणी फाउंडेशन कोरबा के प्रबंधक ताजेंद्र बंजारे, पवन महतो, उड़ान परियोजना के प्रभारी विवेक शर्मा, प्रेमशंकर साहू सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
प्राचार्य एम.आर. श्रीवास ने कहा,
“अदाणी फाउंडेशन की यह पहल विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायक है। हमने बिजली उत्पादन की तकनीकों को गहराई से जाना, जो हमारे शिक्षण अनुभव को और समृद्ध करेगा।”
छात्रा संस्कृति रात्रे ने कहा,
“संयंत्र को इतने करीब से देखकर हमें बहुत कुछ नया सीखने को मिला। यह अनुभव हमारे लिए यादगार रहेगा और भविष्य में उद्योगों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करेगा।”
वहीं छात्र आदित्य कंवर ने कहा,
“हम सभी अदाणी फाउंडेशन और केपीएल टीम के आभारी हैं जिन्होंने हमें बिजली उत्पादन की प्रक्रिया को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर दिया।”
गौरतलब है कि अदाणी समूह अपने फाउंडेशन के माध्यम से कोरबा जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, अधोसंरचना विकास और आजीविका उन्नयन जैसे अनेक सामाजिक कार्यक्रम संचालित कर रहा है। ग्राम पताड़ी, खोद्दल, सरगबुंदिया सहित आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल के लिए आरओ वाटर प्लांट, सीमेंट सड़कों का निर्माण तथा महिला स्व-सहायता समूहों के माध्यम से रोजगारोन्मुखी गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।
‘उड़ान परियोजना’ के माध्यम से अदाणी फाउंडेशन ने कोरबा के विद्यार्थियों में नई सोच और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की दिशा में एक सार्थक कदम बढ़ाया है।





