August 15, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

एनएच-149बी पर जनाक्रोश बढ़ा — अधूरे सड़क व बिजली कार्यों पर उपाध्यक्ष मनोज झा ने जताई नाराजगी, टोल बंद आंदोलन की चेतावनी

1 min read

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ जनपद पंचायत करतला के उपाध्यक्ष मनोज कुमार झा ने राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-149बी (चांपा–कटघोरा मार्ग) पर अधूरे पड़े निर्माण एवं विद्युतिकरण कार्यों को लेकर कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। इस संबंध में उन्होंने नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) के प्रोजेक्ट डायरेक्टर को एक विस्तृत पत्र भेजते हुए चेतावनी दी है कि यदि एक माह के भीतर सभी अधूरे कार्य पूरे नहीं किए गए, तो जनता के विरोध के बीच टोल वसूली रोकने हेतु आंदोलन किया जाएगा।
उपाध्यक्ष झा ने कहा कि करतला विकासखंड के अंतर्गत आने वाले कई ग्रामों में सड़क और विद्युत व्यवस्था के कार्य लंबे समय से अधूरे पड़े हैं। इसके बावजूद टोल टैक्स की वसूली प्रारंभ कर दी गई है, जो आम जनता के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि “अधूरे निर्माण कार्यों के बीच टोल टैक्स लेना जनता के आक्रोश को भड़काने का काम कर रहा है। यदि एनएचएआई ने तत्काल सुधार नहीं किया तो टोल नाका बंद कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।”
अधूरे कार्यों की सूची — ग्रामीणों में गहरा असंतोष
पताढ़ी HP पेट्रोल पंप के पास सड़क निर्माण कार्य अभी तक अपूर्ण।
अदानी पावर प्लांट से ग्राम तक संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य शेष।
मड़वा रानी मार्ग का संपर्क सड़क कार्य अधूरा।
सरग बुंदिया मार्ग का निर्माण कार्य अपूर्ण।
कोथारी से संपर्क सड़क का निर्माण शेष।
नाका नवलपुर ब्रिज का विद्युतिकरण कार्य अब तक पूरा नहीं हुआ।
इन अधूरे कार्यों के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिससे ग्रामीणों को खेतों, स्कूलों व अस्पतालों तक पहुंचने में कठिनाई होती है।
उपाध्यक्ष झा ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि सड़क निर्माण कार्य अधूरा रहने के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा है, वहीं कई स्थानों पर बिजली पोल और केबल लगाने का कार्य भी बीच में ही रोक दिया गया है। उन्होंने एनएचएआई से आग्रह किया कि गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य के साथ सभी अधूरे हिस्सों को एक माह में पूरा किया जाए, अन्यथा जन आंदोलन अपरिहार्य होगा।
उन्होंने अपने पत्र की प्रति जिला कलेक्टर कोरबा एवं अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) कोरबा को भी प्रेषित की है, ताकि प्रशासनिक स्तर पर इन कार्यों की निगरानी सुनिश्चित हो सके।
मनोज झा ने कहा कि जनता अब चुप नहीं बैठेगी। विकास कार्यों को अधूरा छोड़कर टोल की वसूली स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से अपील की कि वे भी प्रशासन से जवाब मांगें और क्षेत्र की सुविधाओं के लिए एकजुट होकर आवाज उठाएं।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.