August 15, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

करतला से निकली श्रद्धा की सवारी — उपाध्यक्ष मनोज झा ने हरी झंडी दिखाकर अयोध्या धाम हेतु किया रामभक्तों को रवाना

1 min read

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ श्रीरामलला के पावन दर्शन के लिए करतला विकासखंड से बुधवार को श्रद्धा और भक्ति से ओतप्रोत 16 श्रद्धालुओं का जत्था अयोध्या धाम के लिए रवाना हुआ। इस शुभ अवसर पर जनपद पंचायत करतला के उपाध्यक्ष श्री मनोज कुमार झा ने यात्रा दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा सभी यात्रियों को शुभकामनाओं और मंगलमय यात्रा की बधाई दी।
यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व भक्तों ने ‘जय श्रीराम’ के जयघोष के साथ पूरे वातावरण को राममय बना दिया। महिलाएं, बुजुर्ग और युवा श्रद्धालु परंपरागत परिधान में भगवान श्रीराम के भजन गाते हुए प्रस्थान स्थल पर एकत्र हुए। ग्रामीणों ने यात्रियों का तिलक लगाकर, पुष्प वर्षा कर और आरती उतारकर भव्य स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपाध्यक्ष श्री मनोज झा ने कहा कि “भगवान श्रीराम मर्यादा, धर्म और आदर्श के प्रतीक हैं। अयोध्या धाम की यह यात्रा आत्मिक शांति और आस्था का अद्भुत संगम है। हमें उनके जीवन से प्रेरणा लेकर समाज में सत्य, सेवा और सद्भाव का प्रसार करना चाहिए।”
उन्होंने आगे कहा कि करतला क्षेत्र की धार्मिक आस्था सदियों से अयोध्या से जुड़ी रही है, और यह तीर्थ यात्रा उसी भक्ति भाव और सांस्कृतिक जुड़ाव का प्रतीक है। श्री झा ने सभी यात्रियों के सुरक्षित, सुखद और पुण्यदायी यात्रा की मंगलकामना की।
ग्रामीणों ने भी जत्थे को भावभीनी विदाई देते हुए कहा कि यह अवसर करतला के लिए गौरव का क्षण है। यात्रा दल के सदस्यों ने कहा कि “भगवान श्रीरामलला के दर्शन कर पावन अयोध्या धाम में पहुंचना हमारे जीवन का परम सौभाग्य होगा।”
जानकारी के अनुसार, यह तीर्थयात्री दल कुछ दिनों तक अयोध्या में प्रवास कर रामलला, हनुमानगढ़ी और सरयू तट पर पूजा-अर्चना करने के पश्चात लौटेगा। यात्रा प्रस्थान के दौरान पूरे क्षेत्र में धार्मिक उल्लास और भक्ति का वातावरण व्याप्त रहा।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.