भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष गुप्ता का बड़ा आरोप – पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष साक्षी सुराना व पूर्व बीएमओ के कार्यकाल में हुआ भारी भ्रष्टाचार, जांच की मांग




त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा राहुल दंतेवाड़ा****/ भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष गुप्ता ने कांग्रेस सरकार और गीदम की पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष साक्षी रविश सुराना पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि गीदम नगर पंचायत अध्यक्ष के कार्यकाल के दौरान तथा अध्यक्ष निधि में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है।
श्री गुप्ता ने बताया कि ग्राम पंचायत पनेडा रोड पर स्टेडियम के पास बने पार्क के निर्माण में 1 करोड़ से अधिक की लागत स्वीकृत हुई थी। यह निर्माण कार्य कांग्रेस सरकार और साक्षी सुराना के अध्यक्षीय कार्यकाल में हुआ, जिसमें गड़बड़ी और अनियमितताओं की जांच होना जरूरी है।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि पूर्व बीएमओ के समय उनके पति द्वारा संचालित ‘साई समिति’ को अस्पताल में राशन और भोजन आपूर्ति का ठेका दिया गया था, जिसमें भी बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ। इन सभी मामलों की जांच कराने के लिए वे जिला प्रशासन को पत्र लिखेंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने यह आरोप तब लगाए, जब पूर्व अध्यक्ष साक्षी सुराना ने नए बीएमओ डॉ. देवेंद्र प्रताप की नियुक्ति को लेकर भाजपा पर सवाल उठाए। श्री गुप्ता ने कहा कि भाजपा पर लगाए गए आरोप निराधार हैं और नए बीएमओ की नियुक्ति पूरी तरह शासन द्वारा की गई है। अगर भविष्य में उनकी कार्यशैली में कोई गड़बड़ी पाई जाती है तो कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह अव्यवस्थित थीं, जबकि भाजपा सरकार आने के बाद गीदम अस्पताल की व्यवस्था में सुधार हुआ है।
संतोष गुप्ता ने कहा –
“भ्रष्टाचार की बातें साक्षी सुराना इसलिए कर रही हैं क्योंकि उन्हें डर है कि नए बीएमओ के आने से पुराने मामले खुल सकते हैं। स्वास्थ्य जैसी संवेदनशील सेवाओं पर राजनीति नहीं करनी चाहिए।”
अंत में उन्होंने साक्षी सुराना को नसीहत देते हुए कहा कि भाजपा स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सतत कार्य कर रही है, जबकि कांग्रेस के पांच वर्षों में स्वास्थ्य व्यवस्था खुद वेंटीलेटर पर थी।
