March 9, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

अनुशासन और निरंतर प्रयास से ही मिलती है सफलता — डॉ. प्रशांत बोपापुरकर

 

कमला नेहरू महाविद्यालय कोरबा में राष्ट्रीय सेवा योजना की ‘बी’ प्रमाण पत्र परीक्षा संपन्न, स्वयंसेवकों ने उत्साह से लिया भाग
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//**  कोरबा। राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) इकाई, कमला नेहरू महाविद्यालय कोरबा में ‘बी’ प्रमाण पत्र परीक्षा का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए अनुशासन के साथ निरंतर प्रयास और साधना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अनुशासन और निरंतर परिश्रम व्यक्ति के व्यवहार को परिष्कृत करता है और उसे एक बेहतर नागरिक तथा सशक्त व्यक्तित्व के रूप में विकसित करता है, जिससे समाज के समग्र विकास और एक सुदृढ़ सामाजिक व्यवस्था के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान मिलता है।
कार्यक्रम में स्व. प्यारेलाल कंवर शासकीय महाविद्यालय भैसमा के कार्यक्रम अधिकारी राजू सिंह कंवर बाह्य परीक्षक के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने भी स्वयंसेवकों को राष्ट्रीय सेवा योजना की भावना को आत्मसात करते हुए समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान स्वयंसेवकों को रासेयो के उद्देश्यों, अनुशासन और सामाजिक दायित्वों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में रासेयो जिला संगठक वाय. के. तिवारी का मार्गदर्शन भी स्वयंसेवकों को प्राप्त हुआ। उन्होंने स्वयंसेवकों को सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं को नेतृत्व, अनुशासन और सामाजिक जागरूकता का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती है।
इस आयोजन को सफल बनाने में रासेयो छात्र कार्यक्रम अधिकारी जी. एम. उपाध्याय, छात्रा कार्यक्रम अधिकारी सुश्री प्रीति महंत, वरिष्ठ स्वयंसेवक सरिता चौहान तथा मोनिका कंवर सहित अन्य स्वयंसेवकों की सराहनीय भूमिका रही।
आयोजित लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार में सुखनंदन सोनकर, कुलरंजन दास महंत, नेहा तिवारी, सुनालिया महंत सहित 20 से अधिक स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में सेवा, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने का संदेश दिया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.