श्रीराम के पराक्रम से गूंजा घंटाघर का ओपन थिएटर, सेतुबंध से रावण वध तक जीवंत हुई रामायण की गाथा
1 min read
प्रांत प्रचारक नारायण नामदेव और उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन की गरिमामयी उपस्थिति में रामलीला के विविध प्रसंगों का भव्य मंचन, आज विजयादशमी पर 60 फीट ऊंचे रावण का होगा दहन
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा, 19 अक्टूबर। भगवान श्रीराम के आदर्शों, पराक्रम और धर्म की विजय का संदेश लेकर घंटाघर स्थित ओपन थिएटर मैदान में आयोजित भव्य रामलीला में सोमवार को आस्था, भक्ति और संस्कृति का अनुपम संगम देखने को मिला। नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा आयोजित छह दिवसीय रामलीला के पांचवें दिन सेतुबंध, अंगद-रावण संवाद, लक्ष्मण शक्ति, मेघनाद वध, रावण वध और श्रीराम के राज्याभिषेक सहित अनेक महत्वपूर्ण प्रसंगों का मनोहारी मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने प्रभावशाली अभिनय से रामायण के प्रसंगों को जीवंत कर दिया और उपस्थित दर्शकों को धर्म, मर्यादा, साहस तथा सत्य की विजय का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक नारायण नामदेव ने विद्याभारती के क्षेत्र उपाध्यक्ष जुड़ावन सिंह ठाकुर, कैलाश नाहक, नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर और चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष योगेश जैन के साथ भगवान श्रीरामलला के श्रीचरणों में पुष्पमाला अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। रामलीला मंचन के दौरान उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन भी उपस्थित रहे और उन्होंने श्रद्धापूर्वक आयोजन में सहभागिता की।
राम के चरित्र में छिपा है आदर्श जीवन का संदेश
मुख्य अतिथि नारायण नामदेव ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान श्रीराम के चरित्र का चित्रण केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन की संपूर्ण पाठशाला है। श्रीराम का जीवन हमें मर्यादा, कर्तव्यनिष्ठा, त्याग, संयम और आदर्श आचरण की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने अंतर्मन में धारण करना चाहिए, ताकि जीवन को सार्थक और सफल बनाया जा सके।
उन्होंने इस भव्य आयोजन के लिए महापौर संजूदेवी राजपूत की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन समाज को अपनी परंपराओं और गौरवशाली विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। रामलीला के माध्यम से नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, धार्मिक मूल्यों और मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्शों को समझने का अवसर मिलता है।
महापौर ने कहा—जनता की भागीदारी बढ़ा रही आयोजन का उत्साह
महापौर संजूदेवी राजपूत ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि नगर निगम द्वारा रामलीला का भव्य आयोजन लगातार दूसरे वर्ष किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी क्षेत्र के नागरिकों की बड़ी संख्या में सहभागिता मिल रही है, जो आयोजन की सफलता और जनमानस की आस्था को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि रामलीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सांस्कृतिक चेतना और पारिवारिक संस्कारों को मजबूत करने का माध्यम भी है। ऐसे आयोजनों से बच्चों और युवाओं को भारतीय परंपराओं से जुड़ने तथा भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने की प्रेरणा मिलती है।
आज विजयादशमी पर होगा 60 फीट ऊंचे रावण का दहन
रामलीला के समापन अवसर पर मंगलवार, 20 अक्टूबर को विजयादशमी के पावन पर्व पर घंटाघर स्थित ओपन थिएटर मैदान में 60 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। रावण दहन का कार्यक्रम रात्रि 9:30 बजे निर्धारित है।
विजयादशमी का यह आयोजन बुराई पर अच्छाई, असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक बनेगा। भगवान श्रीराम की विजयगाथा के साथ संपन्न होने जा रही रामलीला को लेकर शहरवासियों में उत्साह है। घंटाघर का ओपन थिएटर एक बार फिर रामभक्ति, सांस्कृतिक उल्लास और विजयादशमी के उल्लासपूर्ण वातावरण का साक्षी बनेगा।
