August 16, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

“पर्यावरण संरक्षण बना मिशन: दंतेवाड़ा में समर्पित नक्सल परिवारों व शहीद परिजनों के साथ विधायक अटामी ने किया पौधारोपण”

1 min read

दंतेवाड़ा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिले में पर्यावरण संरक्षण का विशेष संदेश देने वाला कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें समर्पित नक्सली परिवारों और शहीद आरक्षक संतु कारम के परिजनों के साथ मिलकर पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कारली पुलिस लाइन में वन एवं पुलिस विभाग द्वारा संयुक्त रूप से किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में दंतेवाड़ा विधायक श्री चैतराम अटामी शामिल हुए।

विधायक अटामी ने इस अवसर पर एक पौधा अपनी माता के नाम पर रोपित करते हुए कहा, “पर्यावरण की रक्षा केवल एक दिन का कार्य नहीं, बल्कि यह हर नागरिक का सतत धर्म होना चाहिए। पर्यावरण संरक्षण हमारी जीवनशैली का हिस्सा बनना चाहिए।”

 

उन्होंने विशेष रूप से उन समर्पित नक्सलियों की सराहना की जो अब मुख्यधारा से जुड़कर समाज के हित में योगदान दे रहे हैं। विधायक ने कहा कि नक्सल प्रभावित परिवारों का इस प्रकार सामाजिक गतिविधियों में भाग लेना एक सकारात्मक संकेत है। उन्होंने सभी नक्सलियों से मुख्यधारा में लौटने की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन उनके पुनर्वास और सम्मानजनक जीवन की दिशा में प्रतिबद्ध है।

इस मौके पर शहीद आरक्षक संतु कारम का परिवार एवं समर्पित नक्सली सोनाय ईस्ताम, कोसीबाई, बोती ताती, लक्ष्मी बाई बारसे, लखमे कुंजाम, सुदरी इस्ताम और उर्मिला कड़ती ने भी पौधारोपण में भाग लिया। यह आयोजन इस संदेश के साथ हुआ कि समाज में हर वर्ग को पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

कार्यक्रम में डीएफओ दंतेवाड़ा डॉ. सागर जाधव, एएसपी स्मृतिक राजनाला, एसडीओपी गोविंद सिंह दीवान, डीएसपी जितेंद्र कुमार, डीआरजी प्रभारी प्रदीप बिसेन सहित वन और पुलिस विभाग के अनेक अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों, शासकीय कार्यालयों एवं वन मंदिर परिसरों में भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। अधिकारियों ने इस अवसर पर जलवायु परिवर्तन, वन संरक्षण एवं सतत विकास के महत्व पर भी प्रकाश डाला।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.