August 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

‘संवाद से समाधान’ का दिखा असर: बरपाली शिविर में सैकड़ों ग्रामीणों की समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई, योजनाओं के लाभ से खिले चेहरे

1 min read

 

 

710 आवेदन पहुंचे प्रशासन के पास, 107 मामलों का मौके पर निराकरण; हितग्राहियों को मिले प्रमाण पत्र, पेंशन, आयुष्मान कार्ड और अन्य सुविधाएं
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//कोरबा। सुशासन तिहार 2026 के तहत विकासखंड कोरबा के ग्राम बरपाली में आयोजित जनसमस्या समाधान शिविर ग्रामीणों के लिए उम्मीद और राहत का केंद्र बन गया। शाला भवन परिसर में आयोजित इस शिविर में आसपास की 10 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में पहुंचे और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त किया। प्रशासन की त्वरित कार्यशैली और मौके पर समस्याओं के निराकरण से ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
बरपाली, मदनपुर, जिलगा, चचिया, कूदमुरा, तौलीपाली, बासीन, कोलगा, सोलवा एवं कटकोना ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने शिविर में भाग लेकर अपनी समस्याएं एवं मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं। शिविर में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता ने इसे जनसेवा का प्रभावी मंच बना दिया।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही सक्रिय मौजूदगी
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य रेणुका राठिया, जनपद पंचायत कोरबा की अध्यक्ष बिजमोती राठिया, पूर्व गृह मंत्री ननकीराम कंवर, विभिन्न पंचायतों के सरपंच, पंच, जनपद सदस्य तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर पुष्पांजलि एवं माल्यार्पण के साथ किया गया।

 

 

जनपद पंचायत कोरबा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी खगेश कुमार निर्मलकर ने ग्रामीणों को सुशासन तिहार की अवधारणा, शासन की जनहितकारी सोच तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी अपनी-अपनी योजनाओं और सेवाओं का विस्तृत परिचय ग्रामीणों को दिया।
मौके पर हुआ समस्याओं का समाधान
शिविर में कुल 710 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 107 मामलों का तत्काल निराकरण कर हितग्राहियों को राहत प्रदान की गई। शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए उनके शीघ्र निराकरण की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई। इससे ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हुआ।

 

 

हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
शिविर के दौरान पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। राशन कार्ड, पेंशन स्वीकृति पत्र, आयुष्मान कार्ड, आवास की चाबी, प्रशस्ति पत्र सहित अनेक सुविधाएं प्रदान की गईं। वहीं बिहान समूह की महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा नवविवाहित दंपतियों को ‘नई पहल किट’, टीबी मरीजों को पोषण किट तथा टीबी मुक्त ग्राम कूदमुरा को विशेष स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। समाज कल्याण विभाग की ओर से दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर, बैसाखी, छड़ी और श्रवण यंत्र वितरित किए गए।
जनकल्याण और सुशासन का बना सशक्त मंच
ग्रामीणों ने शिविर में मिली त्वरित सेवाओं और अधिकारियों की सक्रियता की सराहना की। लोगों का कहना था कि शासन की योजनाएं अब सीधे गांव तक पहुंच रही हैं और समस्याओं के समाधान के लिए उन्हें कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।
बरपाली में आयोजित यह शिविर केवल शिकायतों के निराकरण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि शासन और जनता के बीच विश्वास, संवाद और सहयोग को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम भी बना। सुशासन तिहार के माध्यम से प्रशासन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि जनहित सर्वोच्च प्राथमिकता है और हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना शासन की प्रतिबद्धता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.