कलचुरी पब्लिक स्कूल में नई छात्र परिषद का गठन, कुदसिया फातिमा बनीं अध्यक्ष तो वैष्णवी राजपूत को सचिव की जिम्मेदारी
1 min read



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कटघोरा। कलचुरी पब्लिक स्कूल कटघोरा में सोमवार को छात्र परिषद के गठन के साथ विद्यार्थियों में नेतृत्व, अनुशासन और जिम्मेदारी की नई भूमिका तय की गई। विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती मुक्ता जायसवाल के निर्देशन में छात्र परिषद के विभिन्न पदों पर विद्यार्थियों का मनोनयन किया गया। परिषद की कमान कुदसिया फातिमा को अध्यक्ष तथा वैष्णवी राजपूत को सचिव एवं सांस्कृतिक प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई।
प्राचार्य के आदेशानुसार छात्र परिषद प्रभारी हाफिजा परवीन तथा सहायक प्रभारी नेहा प्रजापति और शालू शर्मा की देखरेख में विद्यार्थियों का चयन किया गया। परिषद में अंकित यादव को उपाध्यक्ष, वैष्णवी राजपूत एवं प्रतिभा मोगरे को सचिव एवं सांस्कृतिक प्रभारी, प्रियांशु कल्लूरी एवं मनीष निषाद को खेलकूद प्रभारी, खुशी राजपूत एवं अल्फिया फातिमा को खोया-पाया प्रभारी तथा विराट यादव एवं पीयूष बघेल को सफाई प्रभारी नियुक्त किया गया।
प्राचार्य मुक्ता जायसवाल ने कहा कि छात्र परिषद विद्यालय की परंपरा और अनुशासन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। परिषद के माध्यम से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, कार्य करने की दक्षता और जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी नवनियुक्त पदाधिकारी अपने दायित्वों का ईमानदारी और अनुशासन के साथ निर्वहन करेंगे।
छात्र परिषद प्रभारी हाफिजा परवीन ने कहा कि परिषद का उद्देश्य विद्यार्थियों को संगठित रखते हुए उनमें आपसी सहयोग और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। वहीं सहायक प्रभारी नेहा प्रजापति एवं शालू शर्मा ने कहा कि जब विद्यार्थी मिलकर कार्य करते हैं तो उनका आत्मविश्वास और मनोबल बढ़ता है तथा विद्यालय की गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित होती है।
नवनियुक्त अध्यक्ष कुदसिया फातिमा ने कहा कि अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने पर उन्हें बेहद खुशी है। उन्होंने कहा कि वे विद्यालय के सभी विद्यार्थियों को साथ लेकर चलेंगी और विद्यालय के नियमों का पालन करते हुए सौंपे गए दायित्व को पूरी निष्ठा से निभाने का प्रयास करेंगी।







