January 21, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

“अपमान की राजनीति कांग्रेस की पहचान, बघेल हताशा में दे रहे अमर्यादित बयान – भाजपा”

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****// रायपुर भारतीय जनता पार्टी ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के हालिया बयान को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजय शंकर मिश्रा ने कहा कि शब्दों की मर्यादा लांघना कांग्रेस की पुरानी आदत रही है और भूपेश बघेल द्वारा उपमुख्यमंत्री अरुण साव के लिए दिया गया बयान न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि उनकी राजनीतिक हताशा और गिरते स्तर को भी उजागर करता है।
डॉ. मिश्रा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि छत्तीसगढ़ कांग्रेस में अब भूपेश बघेल का राजनीतिक वर्चस्व समाप्त हो चुका है। प्रदेश की जनता उन्हें पूरी तरह नकार चुकी है और यही कारण है कि अपना खोया हुआ राजनीतिक कद वापस पाने के लिए वे लगातार अनर्गल, अमर्यादित और व्यक्तिगत टिप्पणियां कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब राजनीति में तर्क और जनसमर्थन समाप्त हो जाता है, तब ऐसे बयान ही आखिरी सहारा बन जाते हैं।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि भूपेश बघेल को यह नहीं भूलना चाहिए कि जब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी, उसी दौरान अरुण साव भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बने और उनके सशक्त नेतृत्व में ही भाजपा ने चुनाव लड़ा। डॉ. मिश्रा ने कहा कि श्री साव की नेतृत्व क्षमता का प्रमाण यही है कि उनके नेतृत्व में कांग्रेस को करारी हार मिली और भूपेश बघेल की सरकार सत्ता से बाहर हो गई। यही सच्चाई बघेल को आज भी परेशान कर रही है।
डॉ. मिश्रा ने बघेल के विवादित “बंदर” वाले बयान पर तीखा तंज कसते हुए कहा कि यह बयान वास्तव में राहुल गांधी पर ज्यादा सटीक बैठता है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यह बयान भूपेश बघेल ने राहुल गांधी के लिए गढ़ा था? लेकिन चूंकि राहुल गांधी कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व में हैं, इसलिए बघेल उनके खिलाफ सीधे बोलने का साहस नहीं जुटा पाए और अपनी भड़ास भाजपा नेताओं पर निकाल दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के अंदरूनी दबाव और नेतृत्व संकट का यह स्पष्ट संकेत है।
भाजपा प्रवक्ता ने आगे कहा कि भूपेश बघेल आजकल कभी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, कभी उपमुख्यमंत्री अरुण साव और कभी भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ बयानबाजी करते रहते हैं। यह सब उनकी सस्ती लोकप्रियता हासिल करने की असफल कोशिश है। नकारात्मक बयान देकर सुर्खियों में बने रहने की यह नीति कांग्रेस की पुरानी कार्यशैली को दर्शाती है।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि जनता अब इस तरह की ओछी और अपमानजनक राजनीति को पूरी तरह पहचान चुकी है। छत्तीसगढ़ की जनता विकास, सुशासन और सकारात्मक राजनीति चाहती है, न कि व्यक्तिगत कटाक्ष और अपशब्दों से भरी बयानबाजी। उन्होंने कहा कि भाजपा मुद्दों और जनहित की राजनीति करती है, जबकि कांग्रेस के नेता अपनी विफलताओं को छुपाने के लिए मर्यादा तोड़ने पर उतारू हैं।
अंत में डॉ. विजय शंकर मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस और भूपेश बघेल को यह समझ लेना चाहिए कि अपमानजनक शब्दों से न तो सत्ता लौटती है और न ही जनता का विश्वास। जनता ने कांग्रेस को नकार दिया है और आने वाले समय में भी ऐसी बयानबाजी कांग्रेस की राजनीतिक जमीन को और कमजोर ही करेगी।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.