March 7, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कोरबा को मिली आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं की ऐतिहासिक सौगात — 100 बिस्तरों वाले अत्याधुनिक ‘शिवाय हॉस्पिटल’ का भव्य शुभारंभ

 

 

मंत्री लखन लाल देवांगन ने किया लोकार्पण, महानगरों जैसी सुविधाओं से लैस सुपरस्पेशलिटी अस्पताल अब देगा कोरबा और आसपास के हजारों मरीजों को राहत
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//** कोरबा। औद्योगिक नगरी कोरबा में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक नई क्रांति की शुरुआत हो गई है। शहर के हृदय स्थल न्यू बस स्टैंड, टी.पी. नगर में अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित शिवाय हॉस्पिटल का भव्य शुभारंभ रविवार को छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग व श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन के करकमलों से संपन्न हुआ।
इस गरिमामय कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह ने की। वहीं नगर पालिक निगम कोरबा की महापौर संजू देवी राजपूत, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, नगर निगम कोरबा के सभापति नूतन सिंह ठाकुर तथा भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर शहर के अनेक जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, चिकित्सक, व्यापारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे और सभी ने इस नई स्वास्थ्य सुविधा का स्वागत किया।

 

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि कोरबा जैसे तेजी से विकसित हो रहे जिले में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। शिवाय हॉस्पिटल के शुभारंभ से न केवल शहर बल्कि आसपास के ग्रामीण अंचलों के लोगों को भी उच्चस्तरीय उपचार की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह अस्पताल कोरबा के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ लोगों को बेहतर और समय पर इलाज उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
100 बिस्तरों के साथ आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित
शिवाय हॉस्पिटल को एक सुपरस्पेशलिटी हेल्थ सेंटर के रूप में विकसित किया गया है, जहां 100 बिस्तरों की सुविधा के साथ अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण और नवीनतम तकनीक से लैस मशीनें स्थापित की गई हैं। अस्पताल में आधुनिक डायग्नोस्टिक सेंटर, उन्नत ऑपरेशन थिएटर, आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं तथा विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उपलब्ध रहेगी।

 

 

इसके साथ ही प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ, मरीजों की बेहतर देखभाल के लिए आधुनिक नर्सिंग केयर सिस्टम तथा पारदर्शी बिलिंग व्यवस्था भी अस्पताल की विशेषता होगी। गंभीर परिस्थितियों में मरीजों को त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए 24 घंटे एम्बुलेंस सेवा भी शुरू की गई है।
महानगरों जैसी चिकित्सा सुविधा अब स्थानीय स्तर पर
शिवाय हॉस्पिटल के संचालक न्यूरो एवं स्पाइन सर्जन डॉ. विवेक एच. मित्तल, आर्किटेक्ट आशीष भावनानी तथा हॉस्पिटल के सीईओ डॉ. यश मित्तल ने बताया कि इस अस्पताल का मुख्य उद्देश्य कोरबा और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को महानगरों जैसी अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराना है।

 

 

उन्होंने कहा कि अब तक कई गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को रायपुर, बिलासपुर या अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था, जिससे समय और आर्थिक दोनों तरह की परेशानियां होती थीं। शिवाय हॉस्पिटल के माध्यम से अब ऐसी सुविधाएं कोरबा में ही उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे मरीजों को त्वरित और बेहतर उपचार मिल सकेगा।
शहर के नागरिकों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि शिवाय हॉस्पिटल का शुभारंभ कोरबा के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। आधुनिक तकनीक और विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता से निश्चित रूप से हजारों लोगों को बेहतर इलाज और नई उम्मीद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.