**‘महतारी गौरव वर्ष’ की घोषणा से छत्तीसगढ़ की मातृशक्ति को ऐतिहासिक सम्मान






महिला सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा 2026 : भाजपा**
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****// रायपुर वर्ष 2026 को ‘महतारी गौरव वर्ष’ घोषित किए जाने को छत्तीसगढ़ की मातृशक्ति के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती शताब्दी पाण्डेय ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं राज्य सरकार के प्रति प्रदेश की संपूर्ण मातृशक्ति की ओर से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय केवल एक घोषणा नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और मातृशक्ति के सम्मान का सशक्त प्रतीक है।
प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती पाण्डेय ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा लिया गया यह निर्णय माताओं-बहनों को समाज के केंद्र में स्थापित करने की स्पष्ट सोच को दर्शाता है। यह सिद्ध करता है कि प्रदेश सरकार के विकास मॉडल में महिलाएँ केवल लाभार्थी नहीं, बल्कि भागीदार हैं।
उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की महिलाओं के जीवन में वास्तविक और सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है। यह योजना सिर्फ आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि महिला सम्मान, आत्मनिर्भरता और स्वाभिमान की मजबूत नींव है। इस योजना से महिलाएँ अपने बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण एवं घरेलू आवश्यकताओं को आत्मसम्मान के साथ पूरा कर पा रही हैं, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिरता सुदृढ़ हुई है।
श्रीमती पाण्डेय ने कहा कि महतारी वंदन योजना ने महिलाओं को घरेलू कार्यों तक सीमित न रखकर उन्हें कृषि, स्वरोजगार और लघु उद्यमों से जोड़ने का कार्य किया है। आज महिलाएँ अपने फैसले स्वयं ले रही हैं और परिवार की आर्थिक योजनाओं में निर्णायक भूमिका निभा रही हैं। विशेष रूप से दूरस्थ एवं ग्रामीण अंचलों की बहनों को नियमित आर्थिक संबल मिलने से पोषण, स्वास्थ्य और बच्चों की पढ़ाई पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा है।
उन्होंने आगे कहा कि जब महतारी वंदन योजना को बिहान योजना, मितानिन योजना एवं महिला स्व-सहायता समूहों से जोड़ा गया, तब महिलाओं की आय, आत्मविश्वास और सामाजिक सम्मान में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। यह महिला सशक्तिकरण का समग्र मॉडल बनकर उभरा है।
प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती शताब्दी पाण्डेय ने कहा कि यह योजना यह प्रमाणित करती है कि जब महिलाएँ सशक्त होती हैं, तब छत्तीसगढ़ तेज़ी से समृद्धि की ओर बढ़ता है। वर्ष 2026 को ‘महतारी गौरव वर्ष’ के रूप में मनाने का संकल्प प्रदेश सरकार की दूरदर्शी सोच को दर्शाता है, जो सुदृढ़, सशक्त और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में एक मजबूत कदम है।
उन्होंने कहा कि मातृशक्ति के गौरव को समर्पित यह निर्णय छत्तीसगढ़ के सामाजिक-आर्थिक विकास में नई ऊर्जा और नई दिशा प्रदान करेगा, जो आने वाले वर्षों में प्रदेश को महिला नेतृत्व का आदर्श मॉडल बनाएगा।





