August 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

एलपीजी सिलेंडर को लेकर फैलाया जा रहा भ्रम, देश में गैस का पर्याप्त भंडार — शिवनारायण पांडेय का कांग्रेस पर हमला

1 min read

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//** रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता शिवनारायण पांडेय ने एलपीजी सिलेंडर को लेकर कांग्रेस द्वारा फैलाए जा रहे कथित भ्रम पर तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि देश में एलपीजी गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और इसके वितरण में कहीं भी कोई समस्या नहीं है। कांग्रेस केवल राजनीतिक लाभ के लिए जनता के बीच भ्रम और भय का माहौल बनाने की कोशिश कर रही है।
रायपुर में जारी बयान में शिवनारायण पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज एक मजबूत और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ रहा है। जब पूरी दुनिया विभिन्न युद्धों और वैश्विक आर्थिक संकटों से जूझ रही है, तब भी भारत की विकास यात्रा निरंतर जारी है। उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी नीतियों का परिणाम है कि देश की अर्थव्यवस्था और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति पर किसी प्रकार का बड़ा असर नहीं पड़ा है।
पांडेय ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि उनके शासनकाल में रसोई गैस के लिए लोगों को लंबी-लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ता था और ग्रामीण क्षेत्रों में केवल करीब 10 प्रतिशत परिवारों के पास ही गैस कनेक्शन था। आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है और 90 प्रतिशत से अधिक परिवारों तक गैस कनेक्शन पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना सहित कई योजनाओं के माध्यम से घर-घर रसोई गैस पहुंचाकर माताओं और बहनों को धुएं से मुक्ति दिलाई है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी सहित कांग्रेस के नेता एलपीजी सिलेंडर के मुद्दे पर राजनीतिक रोटी सेंकने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजनीति हमेशा आपदा में अवसर तलाशने वाली रही है और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी जनता को डराकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की जाती है।
उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान में ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़े तनाव के कारण वैश्विक स्तर पर आपूर्ति श्रृंखला से जुड़ी कुछ चुनौतियां जरूर सामने आई हैं, लेकिन भारत सरकार की मजबूत तैयारी और रणनीति के कारण देश में इसका असर बेहद सीमित रहा है।
शिवनारायण पांडेय ने स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार हर स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और आवश्यक कदम उठा रही है। देश में गैस, तेल और अन्य आवश्यक वस्तुओं का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में इनकी आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है।
उन्होंने जनता से अपील की कि वे अफवाहों और भ्रामक प्रचार पर ध्यान न दें तथा सरकार द्वारा दी जा रही सही जानकारी पर भरोसा करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.