August 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

नशे के मुद्दे पर कांग्रेस पर भाजपा का तीखा प्रहार — “जो खुद लिक्विड नशे के सिंडिकेट के संरक्षक रहे, उन्हें बोलने का नैतिक अधिकार नहीं” : नलिनीश ठोकने

1 min read

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//** रायपुर। छत्तीसगढ़ में अफीम की अवैध खेती के खुलासे के बाद जारी कार्रवाई को लेकर सियासत तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता नलिनीश ठोकने ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयानों पर तीखा पलटवार करते हुए कहा कि जिन लोगों के शासनकाल में प्रदेश में नशे का कारोबार फलता-फूलता रहा, उन्हें आज इस मुद्दे पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
रायपुर में जारी बयान में नलिनीश ठोकने ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सख्त निर्देशों के बाद अफीम की अवैध खेती के मामलों में लगातार जांच, आरोपियों की गिरफ्तारी और अवैध संपत्तियों की जब्ती की कार्रवाई की जा रही है। इसके बावजूद भूपेश बघेल द्वारा की जा रही बयानबाजी उनकी राजनीतिक कुंठा और अपने सियासी अस्तित्व को बचाने की नाकाम कोशिश है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि बघेल आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अफीम की खेती और नशे के कारोबार की जानकारी जुटाने की सलाह दे रहे हैं, लेकिन जब वे मुख्यमंत्री थे तब उन्होंने शराब और अन्य नशे के कारोबार को रोकने के लिए अपने कार्यकर्ताओं को इस तरह की कोई नसीहत क्यों नहीं दी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पांच साल के शासनकाल में छत्तीसगढ़ की युवा पीढ़ी को नशे की गर्त में धकेल दिया गया।
ठोकने ने कहा कि भूपेश सरकार के कार्यकाल में दो हजार करोड़ रुपये से अधिक का शराब घोटाला सामने आया, जिससे प्रदेश के राजस्व को भारी नुकसान हुआ। उन्होंने कहा कि आज इस मामले में उनके करीबी लोग और परिवार के सदस्य भी जांच एजेंसियों के दायरे में हैं। ऐसे में जो लोग खुद “लिक्विड नशे” के सिंडिकेट के संरक्षक रहे हों, उन्हें नशे के खिलाफ बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2018 से 2023 के बीच छत्तीसगढ़ को सूखे नशे का डंपिंग यार्ड बना दिया गया था। ओडिशा सहित अन्य राज्यों से आने वाले गांजा और सिंथेटिक ड्रग्स को कांग्रेस नेताओं के संरक्षण में प्रदेशभर में खपाया गया। अब जब भाजपा की विष्णुदेव साय सरकार नशे के सौदागरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है, तो कांग्रेस को परेशानी हो रही है।
अफीम खेती के मामले पर भाजपा की स्थिति स्पष्ट करते हुए ठोकने ने कहा कि भाजपा जीरो टॉलरेंस नीति पर काम करती है। जैसे ही किसी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आई, पार्टी ने तत्काल उसे निष्कासित किया और पुलिस ने भी कड़ी कार्रवाई की। उन्होंने सवाल किया कि क्या भूपेश बघेल अपने शासनकाल में घोटालों में शामिल लोगों के खिलाफ इतनी सख्ती दिखा पाए थे?
भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि सत्ता में आने से पहले कांग्रेस ने शराबबंदी का वादा किया था, लेकिन सरकार बनने के बाद घर-घर शराब पहुंचाने का काम किया गया। अब वही लोग नशे के खिलाफ आंदोलन का दिखावा कर रहे हैं और कार्यकर्ताओं को नसीहत दे रहे हैं।
नलिनीश ठोकने ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता सब कुछ देख और समझ रही है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि भूपेश बघेल की राजनीति अब केवल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (ट्विटर) और बयानबाजी तक सीमित रह गई है। भाजपा सरकार प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी तरह के भ्रामक प्रचार से यह अभियान रुकने वाला नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.