February 11, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

सनातन विरोध की स्क्रिप्ट पढ़ रही कांग्रेस, राहुल गांधी पार्टी का नाम ‘मुगल कांग्रेस’ कर दें : भाजपा

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा *****// रायपुर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता नलिनीश ठोकने ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व उप मुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव के हालिया बयानों पर तीखा पलटवार करते हुए कहा है कि कांग्रेस अब खुलकर सनातन संस्कृति और भारतीय इतिहास के विरुद्ध खड़ी दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि बघेल, जिनके डीएनए में रामद्रोह रचा-बसा है, और सिंहदेव, जो कभी कांग्रेस की आंतरिक राजनीति में एक-दूसरे के कट्टर विरोधी रहे हैं, आज एक ही सुर में सनातन विरोधी भाषा बोल रहे हैं। इससे यह स्पष्ट है कि दोनों नेता कांग्रेस की सोची-समझी रणनीति के तहत लिखी हुई सनातन-विरोधी स्क्रिप्ट पढ़ रहे हैं।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री ठोकने ने कहा कि भूपेश बघेल और टी.एस. सिंहदेव के बयान न केवल कांग्रेस के सनातन-विरोधी चरित्र को उजागर करते हैं, बल्कि यह सिख पंथ के अनुयायियों का भी घोर अपमान है। उन्होंने कहा कि एक ओर पूरा देश वीर बाल दिवस मना रहा है और सिख पंथ के दशम गुरु श्री गुरु गोबिन्द सिंह जी महाराज के चारों साहिबजादों के अमर बलिदान को श्रद्धापूर्वक नमन कर रहा है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के नेताओं को नौ वर्ष के साहिबजादा जोरावर सिंह और छह वर्ष के साहिबजादा फतेह सिंह को मुगल आक्रांताओं द्वारा जिंदा दीवार में चिनवा दिए जाने का इतिहास दिखाई नहीं देता। उन्हें माता गुजरी के त्याग और साहिबजादों को गर्म दूध पिलाने वाले बाबा मोतीराम मेहरा एवं उनके पूरे परिवार को कोल्हू में पीसकर शहीद किए जाने का बलिदान भी नजर नहीं आता।
श्री ठोकने ने कहा कि कांग्रेस के नेता बड़ी निर्लज्जता के साथ यह दावा कर रहे हैं कि मुगल काल में हिन्दुओं पर अत्याचार का कोई इतिहास नहीं है। उन्होंने सवाल किया कि फिर शिवाजी महाराज, संभाजी महाराज और मराठाओं की पीढ़ियों ने मुगल आक्रांताओं के विरुद्ध संघर्ष क्यों किया? इस देश में बाबर द्वारा राम मंदिर का विध्वंस, औरंगजेब द्वारा काशी विश्वनाथ मंदिर को अपवित्र करना और महमूद गजनवी द्वारा सोमनाथ मंदिर को 17 बार लूटना क्या इतिहास का हिस्सा नहीं है? क्या कांग्रेस नेताओं को मुगल अत्याचारों के और उदाहरण गिनाने होंगे?
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि यदि हिन्दू खतरे में नहीं थे, तो कांग्रेस यह बताए कि 12वीं सदी से पहले और 12वीं सदी के बाद जम्मू-कश्मीर की जनसांख्यिकी (डेमोग्राफी) में इतना बड़ा परिवर्तन कैसे हुआ? उन्होंने कहा कि ‘मुगल कांग्रेस’ के शहंशाह बने भूपेश बघेल और उनके नए-नए सिपहसालार बने टी.एस. सिंहदेव समेत कांग्रेस के सभी नेताओं को वामपंथी चश्मा उतारकर देश का वास्तविक इतिहास पढ़ने की आवश्यकता है।
श्री ठोकने ने कहा कि भूपेश बघेल द्वारा पं. धीरेंद्रकृष्ण शास्त्री को बालक कहना उनके अहंकार को दर्शाता है। छत्तीसगढ़ संतों और महापुरुषों की भूमि है, जहां की जनता भक्ति भाव से रामनाम का रसपान करती है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बघेल बालक चैतन्य सोमरस का हिसाब-किताब करते रहें और अपनी राजनीतिक रोटियां सेकते रहें।
अंत में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता नलिनीश ठोकने ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से सीधा सवाल करते हुए कहा कि क्या रेवंत रेड्डी के बाद अब भूपेश बघेल और टी.एस. सिंहदेव के ये बयान भी कांग्रेस के अधिकृत बयान हैं? यदि हां, तो राहुल गांधी को बिना देरी किए कांग्रेस का नाम बदलकर ‘मुगल कांग्रेस’ रख देना चाहिए, ताकि देश की जनता को कांग्रेस की वास्तविक सोच साफ-साफ समझ में आ सके।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.