December 28, 2025

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

भाजपा के पितृ-पुरुषों को नमन: प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने ठाकरे, पटवा और जेटली के योगदान को किया स्मरण 28 दिसंबर को स्व. कुशाभाऊ ठाकरे व स्व. सुन्दरलाल पटवा की पुण्यतिथि तथा स्व. अरुण जेटली की जयंती

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ रायपुर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री किरण देव ने भाजपा के पितृ-पुरुष एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष स्व. कुशाभाऊ ठाकरे, अविभाजित मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. सुन्दरलाल पटवा तथा देश के प्रख्यात विधिवेत्ता, भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री स्व. अरुण जेटली के योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि 28 दिसंबर का दिन भाजपा परिवार के लिए प्रेरणा और स्मरण का दिवस है, क्योंकि इसी दिन स्व. ठाकरे एवं स्व. पटवा की पुण्यतिथि तथा स्व. अरुण जेटली की जयंती है।
प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने कहा कि स्व. कुशाभाऊ ठाकरे ने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा और संगठन निर्माण को समर्पित कर दिया। वे संगठन के कुशल शिल्पकार थे, जिनकी सांगठनिक दक्षता ने हजारों-लाखों कार्यकर्ताओं को राष्ट्रप्रेम, जनसेवा और जनसंघ से जोड़ा। उन्होंने अपने तपोनिष्ठ जीवन और अनुशासित कार्यशैली से कई पीढ़ियों को संवारा तथा राष्ट्रभक्तों की मजबूत फौज तैयार की। छत्तीसगढ़ से उनके आत्मीय संबंधों का उल्लेख करते हुए श्री देव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भारतीय जनसंघ और बाद में भाजपा के संगठनात्मक विस्तार में उनका मार्गदर्शन अविस्मरणीय रहा है। राज्य के अनेक वरिष्ठ भाजपा नेता उनके सान्निध्य में राजनीति में आए और उनसे संगठनात्मक संस्कार प्राप्त किए।
प्रदेश अध्यक्ष ने स्व. सुन्दरलाल पटवा को स्मरण करते हुए कहा कि वे केवल अविभाजित मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री ही नहीं थे, बल्कि छत्तीसगढ़ के राजनीतिक विकास और सामाजिक-आर्थिक संरचना को दिशा देने वाले दूरदर्शी नेता भी थे। उनका छत्तीसगढ़ से गहरा जुड़ाव रहा और उन्होंने बस्तर से पदयात्रा निकालकर जनसंपर्क और संगठन को मजबूत किया। छत्तीसगढ़ के अनेक भाजपा कार्यकर्ताओं के वे राजनीतिक गुरु रहे, जिससे राज्य की राजनीति पर उनका दीर्घकालिक प्रभाव पड़ा। पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की सरकार में केंद्रीय मंत्री रहते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री सड़क योजना जैसी ऐतिहासिक योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण भारत और छत्तीसगढ़ के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने स्व. अरुण जेटली को याद करते हुए कहा कि उनका छत्तीसगढ़ से विशेष लगाव था। राज्य गठन के बाद भाजपा के विस्तार और विशेष रूप से वर्ष 2003 के विधानसभा चुनाव में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही। वे एक प्रखर वक्ता, सुलझे हुए राजनेता और दूरदर्शी रणनीतिकार थे, जिन्होंने अनेक अवसरों पर पार्टी को संकटों से उबारा। छत्तीसगढ़ के कई भाजपा नेताओं को उनके साथ काम करने और उनसे सीखने का अवसर मिला। देश के आर्थिक विकास और वित्तीय मामलों के विशेषज्ञ के रूप में उनका योगदान न केवल राष्ट्र के लिए, बल्कि छत्तीसगढ़ के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण और स्मरणीय है।
प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि ठाकरे, पटवा और जेटली जैसे महान व्यक्तित्वों का जीवन और विचार आज भी भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उनके आदर्शों पर चलकर ही पार्टी राष्ट्रसेवा के संकल्प को आगे बढ़ा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.