राज्योत्सव 2025 में झलकी छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत — जसगीत गायिका अलका चंद्राकर की प्रस्तुति ने बांधा समा






त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **** कोरबा, 03 नवम्बर 2025।
छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में रजत जयंती वर्ष के रूप में “राज्योत्सव-2025” का आयोजन उत्साहपूर्वक किया जा रहा है। इसी कड़ी में कोरबा नगर के घंटाघर स्थित ओपन थियेटर मैदान में जिला स्तरीय तीन दिवसीय राज्योत्सव कार्यक्रम का दूसरा दिवस रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के नाम रहा।

कार्यक्रम में प्रदेश की सुप्रसिद्ध छत्तीसगढ़ी जसगीत गायिका अलका चंद्राकर ने अपनी मनमोहक प्रस्तुति से सभी का दिल जीत लिया। उन्होंने माता जगदंबा की आराधना से कार्यक्रम का शुभारंभ किया और एक के बाद एक छत्तीसगढ़ी लोकगीतों की प्रस्तुति देकर समूचे मैदान को भक्ति और उत्साह से गुंजायमान कर दिया। अलका चंद्राकर की सुमधुर आवाज़ और पारंपरिक लय पर दर्शक देर तक तालियाँ बजाते रहे।


राज्योत्सव के इस दूसरे दिन स्थानीय कलाकारों ने भी लोकनृत्य, नाट्य प्रस्तुति और पारंपरिक लोकसंगीत से कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया। मंच पर प्रस्तुत कलाकारों ने छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति, परंपरा और विरासत की शानदार झलक पेश की, जिससे दर्शकों में गजब का उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर नगर निगम कोरबा की सभापति श्रीमती नूतन सिंह ठाकुर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री दिनेश नाग, जनप्रतिनिधि श्री गोपाल मोदी, डॉ. राजीव सिंह सहित अन्य गणमान्य नागरिक, अधिकारीगण और बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।
राज्योत्सव-2025 का यह दूसरा दिवस न केवल छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति का जीवंत प्रमाण बना, बल्कि इसने यह संदेश भी दिया कि “अपनी माटी की गंध और संस्कृति में ही छत्तीसगढ़ की असली पहचान बसती है।”





