नगर निगम की गाड़ियों से जुड़ा बड़ा मामला: सफाई निरीक्षक को कारण बताओ नोटिस, खर्च बचाने के नाम पर नियमों की अनदेखी?






त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/कोरबा, 02 नवम्बर 2025।
नगर निगम कोरबा में स्वच्छता व्यवस्था से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। निगम प्रशासन ने अपने ही सफाई निरीक्षक श्री सतीन्द्र थवाईत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में कहा गया है कि उन्हें कचरा कैरियर वाहन प्रभारी के रूप में नियुक्त किया गया था, जिनकी जिम्मेदारी थी कि मुख्य मार्गों से पशुओं को हटाकर उन्हें गौठानों में सुरक्षित पहुँचाया जाए।
लेकिन, सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो के बाद यह खुलासा हुआ कि संबंधित अधिकारी के अधीन वाहन का उपयोग गलत तरीके से किया जा रहा था। वाहन का प्रयोग न तो निर्धारित कार्य में हो रहा था और न ही पशुओं को गौठानों तक पहुँचाया जा रहा था। इससे शहर के मुख्य मार्गों पर आवारा पशुओं की समस्या बढ़ी हुई है, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
सूत्रों के अनुसार, नगर निगम की यह गाड़ी मुख्यमंत्री और मंत्रियों के दौरे के समय आवंटित व्यवस्था से हटकर अन्य निजी प्रयोजनों में उपयोग की जा रही थी। अब सवाल यह उठता है कि आखिर यह वाहन नियमों की अवहेलना करते हुए किस उद्देश्य से उपयोग में लाया जा रहा था — क्या यह वाहन खर्च बचाने का बहाना था या ईंधन (पेट्रोल-डीजल) की बचत के नाम पर कोई अन्य गड़बड़ी की जा रही थी?
नगर आयुक्त द्वारा जारी नोटिस में साफ लिखा गया है कि इस कृत्य से निगम की छवि धूमिल हुई है और यह छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 का स्पष्ट उल्लंघन है। सफाई निरीक्षक को 48 घंटे के भीतर जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसा न करने पर उनके विरुद्ध विभागीय अनुशासनात्मक कार्यवाही की चेतावनी दी गई है।
अब नगर निगम प्रशासन और संबंधित अधिकारी के बीच की यह कार्यवाही शहर में चर्चा का विषय बन गई है। आम नागरिक भी सवाल उठा रहे हैं कि यदि सफाई व्यवस्था से जुड़ी गाड़ियाँ ही गलत दिशा में उपयोग होंगी, तो फिर शहर की सफाई और सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी?
अब देखना यह होगा कि अधिकारी का जवाब क्या आता है और निगम प्रशासन इस मामले में कितनी कठोर कार्रवाई करता है।





