अमर्यादित टिप्पणी पर भड़का अग्रवाल समाज — दर्री पुलिस को सौंपा ज्ञापन, सख्त कार्रवाई की मांग


त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कोरबा जोहार छत्तीसगढ़ और छत्तीसगढ़ी क्रांति सेना के प्रदेश अध्यक्ष द्वारा श्री अग्रसेन महाराज, वरुण देव, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के प्रति अमर्यादित टिप्पणी किए जाने को लेकर प्रदेशभर में आक्रोश व्याप्त है। उक्त टिप्पणी से अग्रवाल समाज, सिंधी समाज और हिंदू समुदाय की भावनाएं गहराई से आहत हुई हैं। इसी संदर्भ में अग्रवाल सभा दर्री, जमनीपाली एवं जेलगांव के प्रतिनिधि मंडल ने दर्री थाना पहुंचकर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा और आरोपी के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में अग्रवाल समाज के सदस्यों ने लिखा है कि प्रदेश अध्यक्ष द्वारा हाल ही में दिए गए विवादित वक्तव्य से समाज में भारी रोष है। यह टिप्पणी न केवल धार्मिक असहिष्णुता को बढ़ावा देती है, बल्कि समाज में आपसी सौहार्द और भाईचारे को भी खंडित करने वाली है। अग्रवाल समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि हमारे आराध्य भगवान श्री अग्रसेन महाराज भगवान श्री राम की 35वीं पीढ़ी के वंशज हैं, जिनका जीवन आदर्श, नीति और समाज कल्याण का प्रतीक रहा है। ऐसे पूज्य व्यक्तित्व पर अभद्र टिप्पणी किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समाजजनों ने यह भी उल्लेख किया कि उक्त व्यक्ति पहले भी जैन संतों के खिलाफ विवादित बयान दे चुके हैं, जिस पर उन्हें गिरफ्तारी का सामना करना पड़ा था। उनका यह रवैया लगातार धार्मिक और सामाजिक माहौल को बिगाड़ने वाला रहा है। अग्रवाल सभा ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही आरोपी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई नहीं की गई, तो वे उग्र आंदोलन, धरना प्रदर्शन एवं चक्का जाम जैसे कदम उठाने को बाध्य होंगे।
ज्ञापन सौंपने वालों में अग्रवाल सभा दर्री, जमनीपाली, जेलगांव, स्याहीमुड़ी एवं सुमेधा के समाजजन शामिल रहे। समाज के सदस्यों ने पुलिस प्रशासन से आग्रह किया है कि ऐसी प्रवृत्तियों पर तत्काल रोक लगाई जाए, ताकि प्रदेश में सौहार्द एवं शांति का वातावरण कायम रह सके।

