June 30, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

करतला क्षेत्र में हाथियों का आतंक: पथराव करने पर ग्रामीणों को दौड़ाया झुंड ने, बाल-बाल बचे लोग

कोरबा। करतला परिक्षेत्र के जंगलों में इन दिनों हाथियों का बड़ा झुंड सक्रिय है, जिससे ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि लगभग 50 हाथियों का यह दल रामपुर-करतला के जंगलों में डेरा जमाए हुए है। ग्रामीणों द्वारा झुंड पर पथराव किए जाने के बाद हाथियों ने आक्रामक रुख अपनाते हुए उन्हें दौड़ा लिया। इस दौरान ग्रामीण किसी तरह जान बचाकर भागे, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
जानकारी के अनुसार, करतला और रामपुर के बीच के घने जंगलों में पिछले कुछ दिनों से हाथियों की आवाजाही लगातार बनी हुई है। हाथियों का यह झुंड रात के समय खेतों और गांवों की ओर बढ़ता है, जिससे फसलों को नुकसान पहुंच रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों की गतिविधियों से रात्रि में बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
बुधवार रात को कुछ ग्रामीणों ने हाथियों को भगाने के उद्देश्य से झुंड पर पथराव कर दिया। पथराव से भड़के हाथी अचानक उग्र हो गए और ग्रामीणों की ओर दौड़ पड़े। लोग जान बचाने के लिए भागे और किसी तरह सुरक्षित स्थानों पर पहुंचे। इस दौरान किसी के हताहत होने की खबर नहीं मिली, लेकिन ग्रामीणों में भय का माहौल व्याप्त है।
वन विभाग की टीम सतर्क मोड पर है और हाथियों की गतिविधियों पर निरंतर नजर रखे हुए है। विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे हाथियों के समीप न जाएं और उन्हें उकसाने जैसी कोई हरकत न करें, क्योंकि ऐसा करना जानलेवा साबित हो सकता है।
वन परिक्षेत्र अधिकारी (करतला) ने बताया कि हाथियों का दल फिलहाल करतला और रामपुर के जंगलों के बीच विचरण कर रहा है। टीम को लगातार क्षेत्रीय निगरानी और ग्रामीणों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। हाथियों को सुरक्षित मार्ग से जंगल की गहराई की ओर लौटाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.