March 29, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

नाबालिग को डराकर जेवरात हड़पने वाले दो युवक चढ़े पुलिस के हत्थे, चोरी का माल बरामद

कोरबा। कोतवाली थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ दो युवकों ने पड़ोस में रहने वाले सेवानिवृत्त सब-इंजीनियर के नाबालिग पुत्र को डराकर उससे घर के कीमती जेवरात मंगवा लिए। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवर भी बरामद कर लिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, कोरबा अंचल के भंडारी चौक निवासी एक सेवानिवृत्त सब-इंजीनियर, जो आरईएस विभाग से सेवा-निवृत्त हैं, अपने परिवार के साथ रहते हैं। अगस्त माह में उनके नाबालिग पुत्र को मोहल्ले के ही दो युवकों ने डरा-धमकाकर अपने कब्जे में ले लिया। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपियों ने नाबालिग को मानसिक रूप से भयभीत करते हुए उससे घर से सोने-चांदी के जेवर लाने का दबाव बनाया।
भय के कारण नाबालिग ने घर की अलमारी से धीरे-धीरे कीमती जेवरात निकालकर दोनों युवकों को सौंप दिए। कुछ दिनों बाद जब सेवानिवृत्त सब-इंजीनियर ने अपनी अलमारी का लॉकर खोला तो उसमें रखे जेवर गायब मिले।
परिवार में पूछताछ करने पर किसी को कुछ जानकारी नहीं थी। अंततः जब पिता ने बेटे से सख्ती से पूछताछ की, तो पूरा मामला सामने आया। नाबालिग ने बताया कि मोहल्ले के दो युवकों ने उसे डराकर घर से सोना-चांदी लाने को मजबूर किया था, जिसके भय से उसने सभी जेवरात उन्हें सौंप दिए।
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित पिता ने कोरबा कोतवाली थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की और दोनों संदिग्ध युवकों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद कर लिए हैं। दोनों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(5) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्यवाही की जा रही है।
कोतवाली थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में विवेचना जारी है तथा नाबालिग से की गई धमकी और मानसिक दबाव की परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.