हसदेव आरती व संकल्प सभा में उमड़ा जनसमूह — नदी संरक्षण का लिया गया संकल्प, महापौर संजू देवी राजपूत रहीं विशेष रूप से उपस्थित






कोरबा। हसदेव नदी तट पर रविवार की शाम श्रद्धा, जनजागरण और पर्यावरण संरक्षण का अनोखा संगम देखने को मिला। सर्वमंगला मंदिर स्थित घाट पर “नमामि हसदेव सेवा समिति” द्वारा हसदेव आरती एवं संकल्प सभा का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु, सामाजिक कार्यकर्ता व नगरवासी शामिल हुए।



















कार्यक्रम का शुभारंभ हसदेव नदी की सामूहिक आरती से हुआ। दीपों की जगमगाहट और नदी तट पर गूंजते भजनों के साथ वातावरण आध्यात्मिक एवं भावनात्मक बन गया। श्रद्धालुओं ने आरती में भाग लेते हुए नदी के प्रति अपनी आस्था और सम्मान व्यक्त किया। इसके पश्चात पुजारी द्वारा विधि-विधान से हसदेव आरती संपन्न कराई गई।
सभा के दौरान उपस्थित जनों ने सामूहिक रूप से यह संकल्प लिया कि हसदेव नदी को स्वच्छ, निर्मल और प्रदूषण मुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। इस अवसर पर नगर निगम कोरबा की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने समिति के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि — “नदी केवल जलधारा नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक और जीवन धारा है। इसके संरक्षण में हर नागरिक की भागीदारी ज़रूरी है।”
कार्यक्रम में समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन नियमित रूप से किए जाएंगे, जिससे जन-जागरूकता फैले और हसदेव नदी की स्वच्छता को लेकर सामूहिक जिम्मेदारी का भाव विकसित हो सके।
हसदेव आरती व संकल्प सभा का यह आयोजन जनचेतना और नदी संरक्षण का सशक्त माध्यम बनकर उभरा। श्रद्धालुओं ने दीप प्रवाहित कर नदी संरक्षण के लिए अपनी भावनाओं को व्यक्त किया और भविष्य में भी इस मुहिम को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।





