February 11, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

डबल इंजन सरकार का बड़ा तोहफ़ा — छत्तीसगढ़ में ₹24,634 करोड़ की रेल परियोजनाओं को मिली मंजूरी, विकास की रफ्तार को मिलेगा नया आयाम

रायपुर। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति (CCEA) ने आज रेल मंत्रालय की ₹24,634 करोड़ की लागत वाली चार बड़ी रेल परियोजनाओं को मंजूरी प्रदान की है। यह निर्णय देश के बुनियादी ढांचे को सशक्त बनाने के साथ-साथ छत्तीसगढ़ प्रदेश के विकास के लिए भी ऐतिहासिक माना जा रहा है।
इस स्वीकृति में विशेष रूप से छत्तीसगढ़ की गोंदिया–डोंगरगढ़ चौथी रेल लाइन परियोजना को शामिल किया गया है, जिसकी कुल लंबाई 84 किलोमीटर और लागत ₹2,223 करोड़ निर्धारित की गई है। इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद प्रदेश में यात्री एवं मालगाड़ियों की आवाजाही की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
रेल मंत्रालय के अनुसार, इस परियोजना से हर वर्ष लगभग 30 मिलियन टन से अधिक अतिरिक्त माल परिवहन संभव हो सकेगा, जिससे कोयला, ऊर्जा तथा औद्योगिक क्षेत्रों में परिवहन व्यवस्था और सुगम बनेगी। इससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति और मजबूती प्राप्त होगी।
इसके साथ ही, इस रेल लाइन के बन जाने से डीज़ल एवं लॉजिस्टिक लागत में कमी आएगी तथा पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। अनुमान है कि यह परियोजना प्रति वर्ष लगभग 1 करोड़ पेड़ों के बराबर कार्बन उत्सर्जन में कमी लाएगी, जो एक बड़ा पर्यावरणीय लाभ होगा।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस निर्णय पर हर्ष व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि —
“यह परियोजना छत्तीसगढ़ के सर्वांगीण विकास को नई गति देने वाली है। ‘विज़न विकसित छत्तीसगढ़ 2047’ को साकार करने की दिशा में यह एक ऐतिहासिक कदम है।”
डबल इंजन सरकार की यह बड़ी पहल प्रदेश में रेल कनेक्टिविटी को मज़बूत करेगी, औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहन देगी और लाखों लोगों को प्रत्यक्ष–अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर भी प्रदान करेगी।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.