August 15, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कोरबा में नवरात्रि महापर्व का शुभारंभ : सर्वमंगला मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, कनबेरी मार्ग पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित

1 min read

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा।शारदीय नवरात्रि का पावन पर्व सोमवार से आरंभ हो गया, और इसके पहले ही दिन कोरबा शहर में आस्था का अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। माँ दुर्गा के जयकारों से वातावरण गूंज उठा और सर्वमंगला मंदिर सहित पूरे जिले के देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।
सर्वमंगला मंदिर में लगी भक्तों की लंबी कतारें
सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता सर्वमंगला मंदिर में लगा रहा। माता सर्वमंगला के दर्शन के लिए भक्त घंटों कतार में खड़े होकर जयकारे लगाते रहे। मंदिर परिसर पूरी तरह भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने भक्ति-भाव से माता का पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
प्रशासन का बड़ा फैसला – कनबेरी मार्ग पर भारी वाहनों का प्रवेश बंद
श्रद्धालुओं की भीड़ और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। नवरात्रि पर्व की अवधि में सर्वमंगला मंदिर परिसर और कनबेरी नहर मार्ग पर भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। यह फैसला सर्वमंगला मंदिर के राजपुरोहित नन्हा पांडेय की मांग पर लिया गया। अब भारी वाहन सर्वमंगला पुल से राताखार मार्ग होते हुए ही शहर में प्रवेश करेंगे।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष नजर
नवरात्रि में भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतज़ाम किए हैं। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात नियंत्रण, पार्किंग की समुचित व्यवस्था और अनुशासन बनाए रखने के लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्गों का पालन करें और अनुशासन बनाए रखें।
35 वर्षों बाद बना अद्भुत संयोग
इस बार नवरात्रि का महापर्व विशेष संयोग लेकर आया है। पूरे 35 साल बाद नवरात्रि 10 दिनों तक चलेगी। पर्व का समापन 2 अक्टूबर को विजयादशमी और गांधी जयंती के साथ होगा। इस दिन शहरभर में रावण दहन के भव्य आयोजन होंगे।
पूरे जिले में भक्तिमय माहौल
कोरबा के मंदिरों और दुर्गा पंडालों को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया है। जगह-जगह भक्ति गीत, गरबा-डांडिया और सांस्कृतिक आयोजन की तैयारियां भी जोरों पर हैं। श्रद्धालुओं में अपार उत्साह है और सभी लोग मिलकर इस महापर्व को भव्य और शांतिपूर्ण तरीके से मनाने के लिए तत्पर हैं।

More Stories

1 min read

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

1 min read
Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.