March 15, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कोरबा में हसदेव रिवर फ्रंट और लो-लाइन ब्रिज की मांग हुई तेज, सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव को सौंपा ज्ञापन

कोरबा, 20 जुलाई 2025।
 त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कोरबा नगर निगम क्षेत्र में हसदेव रिवर फ्रंट और लो-लाइन ब्रिज के निर्माण को लेकर लंबे समय से चल रही मांग ने अब फिर से जोर पकड़ लिया है। रविवार को नगर निगम सभापति श्रीमती नूतन सिंह ठाकुर ने कोरबा प्रवास पर आए छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री अरुण साव से मुलाकात कर दोनों महत्वपूर्ण परियोजनाओं के शीघ्र क्रियान्वयन की मांग की।

ज्ञापन सौंप कर रखी अहम मांगे

सभापति श्रीमती ठाकुर ने उपमुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि हसदेव नदी तट पर रिवर फ्रंट का निर्माण और लो-लाइन ब्रिज का निर्माण कोरबा शहर के विकास की दृष्टि से बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा पूर्व में सर्वमंगला मंदिर से हसदेव नदी पार करते हुए पुराने कोरबा शहर को जोड़ने हेतु लो-लाइन ब्रिज की घोषणा की गई थी, लेकिन अब तक इस पर कार्य प्रारंभ नहीं हो पाया है।

लो-लाइन ब्रिज से मिलेगी जाम की समस्या से निजात

सभापति ने कहा कि इस पुल के निर्माण से छोटे वाहनों को कुसमुंडा और दीपका जैसे क्षेत्रों की ओर जाने के लिए वैकल्पिक मार्ग प्राप्त होगा। इससे रेलवे फाटक पर अक्सर लगने वाले जाम से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही पुराने कोरबा और नए कोरबा शहर के बीच आवाजाही सुगम हो सकेगी।

हसदेव रिवर फ्रंट: शहर को नई पहचान देने की योजना

सभापति ने अपने ज्ञापन में हसदेव नदी के तट को बिलासपुर के अरपा रिवर फ्रंट की तर्ज पर विकसित करने का प्रस्ताव भी रखा। उन्होंने बताया कि सीतामढ़ी से राताखार तक रिवर फ्रंट के विकास से न केवल शहर को एक नई पहचान मिलेगी बल्कि यह नागरिकों के लिए एक शानदार मनोरंजन स्थल भी बन जाएगा। इस परियोजना में फूड जोन और चौपाटी की भी योजना है। इससे पुराने कोरबा शहर के ठेले-गुमटियों को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराकर ट्रैफिक की समस्या का समाधान किया जा सकता है।

डीएमएफ व अन्य मद से संभव होगा निर्माण

सभापति श्रीमती ठाकुर ने यह भी बताया कि हसदेव पुल के लिए पूर्व में राशि स्वीकृत हो चुकी है। वहीं रिवर फ्रंट का विकास जिला खनिज न्यास निधि (DMF), अधोसंरचना मद या अन्य योजनाओं के माध्यम से किया जा सकता है।

उपमुख्यमंत्री ने दिया सकारात्मक आश्वासन

उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने सभापति की मांग पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि दोनों ही परियोजनाएं कोरबा शहर के विकास के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने इस पर आवश्यक पहल करने और संबंधित विभागों से चर्चा कर जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.