August 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

‘गौ-धाम योजना’ से छत्तीसगढ़ में गौ-सेवा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा — भाजपा का साय सरकार को धन्यवाद, पिछली सरकार पर साधा निशाना

1 min read

 

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता प्रमोद शर्मा बोले—गौ-वंश को मिलेगा सम्मानजनक आश्रय, दुग्ध उत्पादन, जैविक खेती और ग्रामीण रोजगार को मिलेगा बड़ा प्रोत्साहन

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//**  रायपुर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा छत्तीसगढ़ में ‘गौ-धाम योजना’ के शुभारंभ का स्वागत करते हुए इसे राज्य की संस्कृति, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और गौ-सेवा के लिए ऐतिहासिक कदम बताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने सनातन संस्कृति के मूल आधार गौ-माता के संरक्षण और सेवा को प्राथमिकता देते हुए एक नई दिशा प्रदान की है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता प्रमोद शर्मा ने कहा कि बिलासपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाएं केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण विकास और गौ-वंश संरक्षण की दिशा में एक दूरदर्शी और क्रांतिकारी पहल है। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से सड़कों पर भटक रहे और बेसहारा गौ-वंश को उचित आश्रय, भोजन और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
शर्मा ने कहा कि ‘गौ-धाम योजना’ से न केवल गौ-वंश की सुरक्षा सुनिश्चित होगी, बल्कि यह योजना ग्रामीण स्वावलंबन और आर्थिक मजबूती का भी बड़ा माध्यम बनेगी। उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के साथ-साथ यह योजना जैविक खेती को प्रोत्साहित करेगी और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगी।
भाजपा प्रवक्ता ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सोच की सराहना करते हुए कहा कि सरकार गौ-धामों को केवल पारंपरिक गौशाला तक सीमित नहीं रखेगी, बल्कि उन्हें आधुनिक सुविधाओं से युक्त केंद्रों के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे पशुपालन और कृषि क्षेत्र को भी नई ऊर्जा मिलेगी।
प्रमोद शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ की गौ-सेवा की गौरवशाली परंपरा को साय सरकार ने अपनी नीतियों के केंद्र में लाकर किसानों और पशुपालकों का सम्मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि इससे राज्य की सांस्कृतिक पहचान और ग्रामीण अर्थव्यवस्था दोनों मजबूत होंगी।
इस दौरान उन्होंने पिछली सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पूर्ववर्ती शासनकाल में गौ-माता के नाम पर केवल भ्रष्टाचार और दिखावा हुआ, जबकि साय सरकार ने सत्ता संभालते ही धरातल पर वास्तविक गौ-सेवा का संकल्प लेकर ठोस कदम उठाए हैं।
शर्मा ने कहा कि गौ-धाम योजना लागू होने से सड़कों पर घूम रहे गौ-वंश के कारण होने वाली दुर्घटनाओं में कमी आएगी और राज्य में पशुपालन को संगठित रूप मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ जल्द ही गौ-सेवा और पशुपालन के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनकर उभरेगा।
अंत में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता प्रमोद शर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गौ-धाम योजना छत्तीसगढ़ को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने की दिशा में ‘रीढ़ की हड्डी’ साबित होगी और इससे किसानों, पशुपालकों तथा ग्रामीण समाज को व्यापक लाभ मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.