पीवीटीजी बसाहटों तक विकास की राह — कलेक्टर कुणाल दुदावत ने नवनिर्मित पीएम जनमन सड़क का छोर से छोर तक किया सख्त निरीक्षण



देवपहरी से सोनारी-जामभाठा तक बनी 3.6 किमी सड़क का पैदल और वाहन से किया जायजा, गुणवत्ता व तकनीकी मानकों पर दिए कड़े निर्देश
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//** कोरबा प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत विशेष रूप से पीवीटीजी (विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह) समुदाय की बसाहटों को मुख्य सड़कों से जोड़ने के लिए कोरबा जिले में सड़क निर्माण कार्य तेज़ी से किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कोरबा विकासखंड के ग्राम देवपहरी से सोनारी एवं जामभाठा तक निर्मित नई पक्की सड़क का निर्माण कार्य पूर्ण हो गया है।
नवनिर्मित सड़क की गुणवत्ता और संरचना का जायजा लेने के लिए कलेक्टर कुणाल दुदावत ने स्वयं मौके पर पहुंचकर सड़क का इस छोर से उस छोर तक विस्तृत निरीक्षण किया। कलेक्टर ने लगभग 3 किलोमीटर 600 मीटर लंबी सड़क पर पैदल चलकर और वाहन से गुजरकर इसकी मजबूती, निर्माण गुणवत्ता और तकनीकी मानकों का बारीकी से मूल्यांकन किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सड़क की भौगोलिक स्थिति, ग्रामीण परिवेश, मोड़ों की संरचना, उतार-चढ़ाव और निर्माण गुणवत्ता का गहन अध्ययन किया। उन्होंने मौके पर उपस्थित ठेकेदार और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कार्यपालन अभियंता को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सड़क निर्माण से जुड़ी सभी तकनीकी शर्तों और निर्धारित समयावधि का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण से पीवीटीजी बसाहटों तक सुरक्षित और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित होगा, जिससे इन दूरस्थ गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में बड़ी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि सोनारी और जामभाठा जैसे क्षेत्रों तक पक्की सड़क बनने से स्थानीय लोगों को वर्षभर बेहतर संपर्क सुविधा उपलब्ध होगी।
उन्होंने यह भी कहा कि सड़क निर्माण से अब इन गांवों तक स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, राशन वितरण, रोजगार और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक आसानी से पहुंच सकेगा, जिससे क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने गढ़उपरोड़ा क्षेत्र में मुख्य मार्ग से पीवीटीजी बसाहट ग्राम बाघमारा तक लगभग एक किलोमीटर लंबाई में निर्मित पीएम जनमन सड़क का भी अवलोकन किया। उन्होंने सड़क की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त करते हुए आवश्यक सुधारात्मक निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग तथा सहायक कलेक्टर क्षितिज गुरभेले भी उपस्थित रहे और उन्होंने भी निर्माण कार्यों की जानकारी लेते हुए विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
कुल मिलाकर प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत बन रही ये सड़कें दूरस्थ जनजातीय बसाहटों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही


