August 16, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

“दाई-बाबा दिवस” पर बुजुर्गों का सम्मान और स्वास्थ्य परीक्षण, कोरबा जिले में हुआ भव्य आयोजन

1 min read

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/  कोरबा, 5 जून 2025 — जिले में बुजुर्गों के सम्मान और उनके स्वास्थ्य की देखभाल के उद्देश्य से 4 जून को समस्त आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में “हमारे बुजुर्ग हमारी धरोहर” थीम पर आधारित दाई-बाबा दिवस मनाया गया। यह आयोजन कलेक्टर श्री अजीत वसंत के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के तहत जिले के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण और सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। उपस्थित बुजुर्गों का पारंपरिक तरीके से तिलक कर, पुष्प माला पहनाकर और श्रीफल भेंट कर स्वागत किया गया।

स्वास्थ्य परीक्षण में ये सेवाएं नि:शुल्क प्रदान की गईं:

रक्तचाप (बीपी)

मधुमेह (शुगर)

नाक-कान-गला रोग

नेत्र परीक्षण एवं मोतियाबिंद की जांच

मानसिक स्वास्थ्य परीक्षण

हड्डी एवं जोड़ संबंधी रोगों की जांच

इसके साथ ही वरिष्ठ नागरिकों को दवाइयाँ, स्वास्थ्य कार्ड एवं जानकारी-पुस्तिकाएं वितरित की गईं। आयुष विभाग द्वारा स्वस्थ जीवनशैली एवं योग से जुड़ी जानकारी भी दी गई। जिन बुजुर्गों का आयुष्मान कार्ड, आभा आईडी या वयवंदन कार्ड नहीं बना था, उन्हें मौके पर बनाए जाने की व्यवस्था भी की गई।

इस अवसर पर बच्चों और नाती-पोतों को यह संदेश दिया गया कि वे अपने माता-पिता, दादा-दादी और नाना-नानी के स्वास्थ्य और सम्मान का विशेष ध्यान रखें और उनके प्रति संवेदनशील बनें।

पूर्ववर्ती कार्यक्रम:
इससे पहले 1 मई से 31 मई 2025 तक वयोवृद्ध कार्यक्रम अंतर्गत जिले में विशेष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया, जिसमें 80,706 बुजुर्गों की स्क्रीनिंग की गई। उन्हें बीपी, शुगर, मोतियाबिंद, नाक-कान-गला तथा अस्थि रोगों से संबंधित नि:शुल्क उपचार प्रदान किया गया।

विशेष आयोजन — 30 मई:
30 मई को सियान सदन कोरबा में समाज कल्याण विभाग, आयुष विभाग एवं लायंस क्लब कोरबा के संयुक्त तत्वावधान में वृहद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों (मेडिसिन, अस्थि रोग, मानसिक रोग, नेत्र, दंत, फिजियोथेरेपी और आयुर्वेद) द्वारा 729 बुजुर्गों को परामर्श व उपचार दिया गया। इस अवसर पर 16 अशक्त बुजुर्गों को व्हीलचेयर, 300 लोगों को स्टिक, और 100 मरीजों को हियरिंग एड भी प्रदान किए गए।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी ने कहा, “बुजुर्ग हमारी सामाजिक धरोहर हैं। उनकी सेवा और सम्मान करना हम सभी का नैतिक और सामाजिक दायित्व है।” उन्होंने बताया कि जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में हर बुधवार को वयोवृद्धों के लिए विशेष स्वास्थ्य परीक्षण किया जाता है, जिसका उद्देश्य बुजुर्गों के सम्मान और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

डॉ. केशरी ने जिले के वयोवृद्ध नागरिकों से आयुष्मान भारत योजना, वयवंदन कार्ड जैसी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने और स्वस्थ जीवन जीने की अपील की।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.