कोरबा सरस्वती शिशु मंदिर सिर्फ शिक्षा ही नहीं बल्कि संस्कार की पाठशाला भी है-कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन




* सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दर्री में पूर्व छात्र परिषद् द्वारा मनाया गया वार्षिकोत्सव समारोह
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दर्री परिसर में कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य एवं पूर्व प्रान्तपाल, डिस्ट्रिक्ट 3233 सी पीएमजेएफ लायन डॉ. राजकुमार अग्रवाल व नगर पालिक निगम नेता प्रतिपक्ष हितानंद अग्रवाल के विशिष्ट आतिथ्य में विज्ञान प्रदर्शनी, आनंद मेला एवं वार्षिकोत्सव का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य नवल किशोर शुक्ला द्वारा की गयी। सर्वप्रथम पूर्व शिक्षकों एवं पूर्व छात्र परिषद के सदस्यों द्वारा विधिवत् विज्ञान प्रदर्शनी एवं आनंद मेले का शुभारंभ किया गया। जिसमें विद्यालय में अध्ययनरत् छात्रों द्वारा विज्ञान से संबंधित विभिन्न वर्किंग मॉडल बनाये गये, जिसमें चंद्रयान की सराहना सभी लोगों ने की। सायंकाल में अतिथियों की गरिमामय उपस्थिति में वार्षिकोत्सव समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में सर्वप्रथम अतिथियों द्वारा भारत माता, मॉ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्जवलन किया गया। तत्पश्चात् परंपरानुसार अतिथियों को तिलक लगाकर पुष्पगुच्छ से स्वागत कर सम्मान किया गया। दीप प्रज्जवलन पश्चात् विद्यालय के प्राचार्य नवल किशोर शुक्ला द्वारा स्वागत उद्बोधन कर विद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
तत्पश्चात् विशिष्ट अतिथि हितानंद अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में बताया कि सरस्वती शिशु मंदिर ऐसा स्कूल है, जहॉ बच्चों को भारतीय संस्कार की शिक्षा दी जाती है। वैदिक गणित, सदाचार की बातें गुरूजनों द्वारा छात्रों को दी जाती है। वहीं विशिष्ट अतिथि पीएमजेएफ लायन डॉ. राजकुमार अग्रवालने अपने उद्बोधन में बच्चों को उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाए देते हुये कहा कि आज बच्चों को सैद्धांतिक शिक्षा के साथ साथ व्यवहारिक शिक्षा का ज्ञान देना भी आवश्यक है। बच्चों में समाज के उत्थान एवं पीडि़त मानवता की सेवा हेतु जागरूकता जरूरी है, इसके लिए शिक्षक इस विषय को भी पाठ्यक्रम में शामिल कर इसका ज्ञान बच्चों को दें। आज के ये बच्चे कल हमारे समाज, देश के कर्णधार बनेंगे। शिक्षा से ही राष्ट्र विकास संभव है।
तत्पश्चात् मुख्य अतिथि लखनलाल देवांगन द्वारा अपने उद्बोधन में कहा कि पूर्व छात्र परिषद् सदस्यों द्वारा आज के इस वार्षिकोत्सव समारोह के भव्य आयोजन की जितनी सराहना करें, कम है। आज सभी छात्रों को अपने विद्यालय के प्रति इस प्रकार की भावना और लगाव होनी चाहिए, जो कि आज इन पूर्व छात्रों के द्वारा उदाहरण प्रस्तुत किया गया है। ये सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल के संस्कार का प्रभाव है जो आज हम सभी को देखने को मिल रहा है। उद्बोधन पश्चात् सभी अतिथियों का फूल माला, शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।
सम्मान पश्चात् विद्यालय के वार्षिकोत्सव समारोह में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। जिसमें देशभक्ति, छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य, नाटक, गीत एवं पूर्व शिक्षक दुष्यंत सोनी द्वारा श्रीराम भक्तिगीत की प्रस्तुति दी गई। अतिथियों एवं समस्त नागरिकों ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रम की सराहना की। अंत में पूर्व छात्र परिषद् के अध्यक्ष भीष्म देव सिंह एवं सचिव आशीष अग्रवाल द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया।
उक्त कार्यक्रम में पूर्व गुरूजन दुर्गाप्रसाद देवांगन, संतोष तिवारी, प्रदीप पाण्डेय, बोधन यादव, श्रीमती अनिता पटेल, नरेश जायसवाल, अर्जुन सिंह पटेल, शिवचरण साहू,जिला भाजपा उपाध्यक्ष प्रफूल्ल तिवारी,नगर निगम कोरबा के पार्षद नरेंद्र देवांगन सहित अन्य पूर्व छात्र सहित काफी संख्या में अभिभावक, विद्यार्थीगण एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

