August 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

मानिकपुर डीपरापारा में महापौर का औचक निरीक्षण, घटिया निर्माण पर सख्त चेतावनी—शेड्यूल से भटके काम पर फटकार

1 min read

 

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//** कोरबा, 13 फरवरी 2026नगर निगम क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा को लेकर महापौर संजूदेवी राजपूत ने कड़ा रुख अपनाया है। गुरुवार को महापौर ने वार्ड क्रमांक 31 अंतर्गत मानिकपुर डीपरापारा बस्ती में सी.सी. रोड निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्य निर्धारित शेड्यूल से पीछे पाए जाने पर उन्होंने निर्माण एजेंसी और संबंधित अभियंताओं को जमकर फटकार लगाई और स्पष्ट चेतावनी दी कि तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य नहीं होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
महापौर ने मौके पर निर्देश दिए कि सड़क निर्माण में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का उद्देश्य केवल निर्माण नहीं, बल्कि वर्षों तक आमजन को सुरक्षित और टिकाऊ सुविधा देना है। घटिया सामग्री या लापरवाही सीधे जनता के हितों से खिलवाड़ है, जिस पर प्रशासन सख्ती से कार्रवाई करेगा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण स्थल पर कार्य-प्रगति की वास्तविक स्थिति देखी और शेड्यूल के अनुरूप गति लाने के निर्देश दिए।

 

 

निरीक्षण के क्रम में महापौर ने मानिकपुर बस्ती की जर्जर नालियों का भी सघन अवलोकन किया और तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए। साथ ही मानिकपुर पोखरी का निरीक्षण कर आसपास नियमित साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण सुनिश्चित करने को कहा, ताकि क्षेत्र में स्वच्छता और स्वास्थ्य सुरक्षा बनी रहे।
इसके बाद महापौर ने डीपरापारा बस्ती का पैदल भ्रमण कर बस्तीवासियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने नागरिकों से पेयजल व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, सड़क, नाली और साफ-सफाई से जुड़ी समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद अधिकारियों को त्वरित निराकरण के स्पष्ट निर्देश दिए। महापौर ने भरोसा दिलाया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर देरी स्वीकार नहीं की जाएगी और नियमित मॉनिटरिंग के जरिए कार्यों की गुणवत्ता पर नजर रखी जाएगी।
निरीक्षण एवं जनसंवाद के दौरान राजेश लहरे, हेमलाल टंडन, पूर्व पार्षद दीपक यादव, मनोज चौहान, मनोज सिंह राजपूत, बबलू यादव, ब्रजलाल, पूर्णिमा पासवान, भुनेश्वरी सिदार, पवन पटेल, उमेश साहू, मनोज निर्मलकर, ललिता चौहान, किशन भारद्वाज, संजना देवी सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे। स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र में चल रहे कार्यों पर निगरानी और त्वरित कार्रवाई के लिए महापौर का आभार जताया।
महापौर ने अंत में दो टूक कहा कि नगर निगम के हर निर्माण कार्य में समय-पालन और गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता है। जो एजेंसी या अधिकारी लापरवाही बरतेंगे, उनके खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई तय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.