February 12, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के


कोरबा  अयोध्या की पावन धरती पर मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीरामचंद्र का भव्य मंदिर आकार ले रहा है। वर्ष 2024 के जनवरी महीने में मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा होनी हैं। इससे पहले देश भर में अनेक कार्यक्रम हिंदू समाज के द्वारा किए जाएंगे। कोरबा जिले में भी ऐसे कई सोपान पर काम करने के लिए श्रीराम जन्मभूमि सेवा महोत्सव समिति ने वृहद बैठक करने के साथ योजना तैयार की हैं। शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोग ऐसे कार्यक्रमों में जुड़ेंगे।
पहले चरण का काम दिसंबर 2023 में पूरा करना तय कर लिया गया हैं। 22 जनवरी 2024 को मध्यान नवीन मंदिर परिसर के गर्भगृह में भगवान राम और जनक नंदिनी सीता के विग्रह की प्राण-प्रतिष्ठा की जाएगी। राम जन्मभूमि न्यास की देखरेख में इन कार्यों को संपन्न कराया जाना है। प्राण-प्रतिष्ठा से पहले भारत और अनेक देशों में सनातन का संदेश पहुंचाने के लिए कई प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कोरबा जिले में श्रीराम जन्मभूमि सेवा महोत्सव समिति ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में कार्यक्रम करने के लिए सेंट जेवियर स्कूल में एक बैठक रखी।
विभिन्न संगठन और समाज के प्रतिनिधि इसमे शामिल हुए। सेवा महोत्सव के प्रयोजन के बारे में सामाजिक कार्यकर्ता किशोर बुटोलिया ने अपनी बात रखी। राम जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण को लेकर हर कोई उत्साहित है। पंडित शिवराज शर्मा और जुडॉवन सिंह ठाकुर ने अपने गीतों के माध्यम से लोगों को श्रीराम से जोड़ने का प्रयास किया। विभिन्न सामाजिक धार्मिक और अन्य संगठनों प्रतिनिधित्व करने वाले सदस्यों ने इस अवसर पर जिम्मेदारी ली कि उनके द्वारा भगवान श्रीराम से जुड़े विषय को यादगार बनाने के लिए प्राण-प्रतिष्ठा से काफी दिन पहले अपने क्षेत्र में नगर संकीर्तन, शोभायात्रा, प्रभात फेरी निकालने के अलावा अलग-अलग तरीके से साज-सज्जा की जाएगी और बहुत सारे लोगों को सीधे तौर पर इस कार्यक्रम से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके साथ ही कई प्रकार के उपयोगी सुझाव इस कार्यक्रम में आए।
श्रीराम जन्मभूमि सेवा महोत्सव कोरबा जिला समिति की घोषणा की गई जिसके अध्यक्ष अशोक तिवारी, सचिव योगेश जैन, कोषाध्यक्ष संतोष खरे सहित उपाध्यक्ष सहसचिव का दायित्व दिया गया। वहीं कोरबा नगर के अध्यक्ष संदीप सिंह, सचिव मृगेश यादव, कोषाध्यक्ष अभिषेक शर्मा को दायित्व दिया गया।
श्रीराम जन्मभूमि सेवा महोत्सव से संबंधित इस बैठक में रामपुर क्षेत्र के विधायक ननकीराम कंवर, चंद्रशेखर देवांगन, कमलेश यादव, अशोक तिवारी, शशि देशमुख, बजरंग अग्रवाल, कमलेश मिश्रा, रामबिलास पाल, राजकुमार देवांगन, रुक्मणि नायर, डॉ. विशाल उपाध्याय, कैलाश नाहक, डॉ. राजीव सिंह सहित सैंकड़ों धर्मनिष्ठ नागरिक शामिल हुए। बैठक के अंत में श्रीराम की आरती की गयी। सामूहिक संकल्प और कार्यक्रम की सफलता के साथ बैठक संपन्न हुई।

 

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.