June 4, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

सुशासन तिहार में उमड़ा जनविश्वास, मुड़ापार शिविर में समस्याओं के समाधान के साथ हितग्राहियों को मिली सौगातें

 

 

पाली क्षेत्र के ग्रामीणों को एक ही मंच पर मिली योजनाओं की जानकारी और सेवाओं का लाभ, सैकड़ों आवेदनों का मौके पर हुआ निराकरण

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित सुशासन तिहार 2026 के तहत आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से पाली विकासखंड के ग्राम पंचायत मुड़ापार में विशाल जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति ने शासन के प्रति बढ़ते विश्वास और जनभागीदारी का परिचय दिया।
कार्यक्रम में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती निकिता मुकेश जायसवाल, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा शोभा जगत सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

 

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक स्टॉल लगाकर शासन की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही लाभान्वित किया गया। जनपद पंचायत पाली के माध्यम से एक पात्र परिवार को राशन कार्ड प्रदान किया गया, वहीं एक हितग्राही को पेंशन स्वीकृति आदेश सौंपा गया। इसके अलावा तीन दिव्यांगजनों को श्रवण यंत्र एवं एक दिव्यांग हितग्राही को वॉकिंग स्टिक प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में सहयोग दिया गया। कार्यक्रम के दौरान नन्हें बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया गया, जिससे शिविर का वातावरण और अधिक उत्साहपूर्ण बन गया।
जनसमस्या निवारण शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित मांग एवं शिकायतों के कुल 1065 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 238 आवेदनों का त्वरित निराकरण करते हुए संबंधित हितग्राहियों को तत्काल राहत प्रदान की गई। शेष आवेदनों के परीक्षण और निराकरण की प्रक्रिया भी तेजी से प्रारंभ कर दी गई है, ताकि लोगों को जल्द से जल्द समाधान मिल सके।
मुड़ापार क्लस्टर के अंतर्गत आने वाली विभिन्न ग्राम पंचायतों से ग्रामीण बड़ी संख्या में शिविर में पहुंचे और शासन की योजनाओं का लाभ उठाया। ग्रामीणों ने एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों की उपलब्धता और समस्याओं के समाधान की व्यवस्था की सराहना की।

 

इस अवसर पर विधायक प्रेमचंद पटेल ने कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। इसका उद्देश्य केवल शिकायतें प्राप्त करना नहीं, बल्कि लोगों की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और कोई भी जरूरतमंद शासकीय सुविधाओं से वंचित न रहे।
उन्होंने ग्रामीणों से शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की संयुक्त पहल से गांवों के विकास और लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा रहा है। सुशासन तिहार इसी जनहितकारी सोच का सशक्त उदाहरण है, जहां शासन स्वयं जनता के द्वार तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रहा है।
मुड़ापार में आयोजित यह शिविर न केवल समस्याओं के समाधान का केंद्र बना, बल्कि शासन की जनोन्मुखी कार्यप्रणाली और ग्रामीण विकास के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का भी प्रभावी संदेश देने में सफल रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.