August 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

निकाय उपचुनावों में भाजपा का विजय परचम, जनता ने विकास और सुशासन की राजनीति पर लगाई मुहर : किरण देव

1 min read

 

सहसपुर लोहारा, शिवनंदनपुर और बम्हनीडीह में भाजपा की शानदार जीत पर प्रदेशाध्यक्ष ने जताया आभार, कहा— जनता का विश्वास हमारी सबसे बड़ी ताकत

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// रायपुर। प्रदेश के स्थानीय निकाय उपचुनावों में भारतीय जनता पार्टी को मिली उल्लेखनीय सफलता पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरण देव ने प्रदेश की जनता, पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए इसे विकास, सुशासन और जनविश्वास की ऐतिहासिक विजय बताया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न निकायों में भाजपा प्रत्याशियों की शानदार जीत यह स्पष्ट संकेत है कि जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा सरकार की जनहितैषी नीतियों पर पूर्ण भरोसा जता रही है।
प्रदेशाध्यक्ष किरण देव ने कहा कि स्थानीय निकाय चुनावों के परिणामों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि भाजपा की विकासोन्मुखी सोच, पारदर्शी कार्यप्रणाली और जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता का व्यापक समर्थन प्राप्त है। मतदाताओं ने अपने मत के माध्यम से विकास और स्थिर नेतृत्व के पक्ष में स्पष्ट जनादेश दिया है।
उन्होंने बताया कि कवर्धा जिले की सहसपुर लोहारा नगर पंचायत में भाजपा प्रत्याशी सरिता संतोष मिश्रा ने अध्यक्ष पद पर 762 मतों के प्रभावशाली अंतर से विजय हासिल कर पार्टी की मजबूत जनस्वीकृति का परिचय दिया है। वहीं सूरजपुर जिले की शिवनंदनपुर नगर पंचायत में भाजपा प्रत्याशी रितेश जायसवाल ने 362 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर संगठन की ताकत और जनता के विश्वास को और मजबूत किया है। इसके साथ ही बम्हनीडीह नगर पंचायत में भी भाजपा की जीत ने प्रदेशभर में कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया है।
किरण देव ने कहा कि इन परिणामों ने यह सिद्ध कर दिया है कि प्रदेश की जनता अब केवल वादों और राजनीतिक बयानबाजी से प्रभावित नहीं होती, बल्कि विकास कार्यों, सुशासन और जनसेवा के आधार पर अपना निर्णय करती है। जनता ने भाजपा की नीतियों और कार्यशैली को स्वीकार करते हुए विपक्ष की नकारात्मक राजनीति को पूरी तरह नकार दिया है।
उन्होंने कहा कि यह विजय केवल चुनावी सफलता नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता द्वारा भाजपा के प्रति व्यक्त किए गए विश्वास और समर्थन का प्रतीक है। पार्टी इस जनादेश को विकास के संकल्प के रूप में स्वीकार करते हुए संबंधित क्षेत्रों में अधोसंरचना, मूलभूत सुविधाओं और जनकल्याण के कार्यों को और अधिक गति प्रदान करेगी।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने चुनाव अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने वाले सभी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि पार्टी की यह सफलता बूथ स्तर तक कार्य करने वाले समर्पित कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की शक्ति है और उनकी मेहनत के बल पर ही पार्टी लगातार जनता का विश्वास जीत रही है।
श्री देव ने विश्वास व्यक्त किया कि नव-निर्वाचित जनप्रतिनिधि जनता की अपेक्षाओं पर खरे उतरते हुए विकास और जनसेवा के नए आयाम स्थापित करेंगे तथा भाजपा सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के विश्वास को अपनी सबसे बड़ी पूंजी मानती है और प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.