June 4, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

बस्तर में लौट रही शांति और विकास की रफ्तार से कांग्रेस परेशान, आदिवासियों की प्रगति रोकने की साजिश कर रही विपक्ष : भाजपा

 

प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर का कांग्रेस पर तीखा प्रहार, बोले— दशकों तक आदिवासियों को रखा विकास से दूर, अब आर्थिक बदलाव से घबराई कांग्रेस

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर बस्तर और आदिवासी अंचलों के विकास को लेकर दोहरी राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि वर्षों तक आदिवासी समाज को केवल वोट बैंक समझने वाली कांग्रेस आज बस्तर में लौट रही शांति, बढ़ते रोजगार और विकास कार्यों से असहज हो गई है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कांग्रेस नेतृत्व पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जिस क्षेत्र को वर्षों तक हिंसा, भय और पिछड़ेपन में धकेल कर रखा गया, वहां अब भाजपा सरकार विकास और आत्मनिर्भरता का नया अध्याय लिख रही है, जिसे कांग्रेस पचा नहीं पा रही है।
गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय एकात्म परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए श्री ठाकुर ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की समन्वित नीतियों के कारण बस्तर में न केवल शांति का वातावरण मजबूत हुआ है, बल्कि आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिली है। आदिवासी परिवारों की आय बढ़ाने, स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने तथा युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है।

 

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब विकास के मुद्दों पर जनता का विश्वास खो चुकी है, इसलिए वह भ्रम और दुष्प्रचार की राजनीति का सहारा ले रही है। कांग्रेस के कुछ नेता और उनके सहयोगी संगठन आदिवासी क्षेत्रों में विकास कार्यों के खिलाफ माहौल बनाकर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। भाजपा का मानना है कि यह सब एक सुनियोजित राजनीतिक रणनीति का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य बस्तर में स्थापित हो रही शांति और प्रगति की प्रक्रिया को बाधित करना है।
देवलाल ठाकुर ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने स्पष्ट रूप से बस्तर के समग्र विकास का रोडमैप तैयार किया है। आने वाले वर्षों में बस्तर को देश के सबसे तेजी से विकसित होने वाले आदिवासी क्षेत्रों में शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए कृषि, वन उत्पाद, पर्यटन, लघु उद्योग और रोजगार सृजन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि बस्तर की पहचान बनने वाले वन उत्पादों और प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर उपयोग के लिए कई योजनाएं धरातल पर उतारी जा रही हैं। क्षेत्र में मिलने वाली विशेष किस्म की इमली, महुआ, बाँस और अन्य वनोपजों के मूल्य संवर्धन के लिए प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना की जा रही है। इससे हजारों स्थानीय युवाओं और महिलाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे तथा आदिवासी परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा सरकार की प्राथमिकता केवल विकास कार्य कराना नहीं, बल्कि आदिवासी समाज को विकास का भागीदार बनाना है। जल, जंगल और जमीन पर आदिवासियों के अधिकारों को सुरक्षित रखते हुए उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। यही कारण है कि आज बस्तर का आम नागरिक विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहा है और आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है।
श्री ठाकुर ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जिन लोगों ने वर्षों तक आदिवासी क्षेत्रों की समस्याओं को नजरअंदाज किया, वे आज विकास कार्यों पर सवाल खड़े कर रहे हैं। कांग्रेस को आदिवासी समाज के हितों की चिंता नहीं है, बल्कि उसे अपनी राजनीतिक जमीन खिसकने की चिंता सता रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसी भी कीमत पर बस्तर के विकास, शांति और आदिवासी समाज की खुशहाली को रुकने नहीं देगी।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में बस्तर देश के सामने विकास, रोजगार और सामाजिक परिवर्तन का एक सफल मॉडल बनकर उभरेगा तथा आदिवासी समाज की समृद्धि भाजपा सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धियों में शामिल होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.