सुशासन तिहार बना जनता की उम्मीदों का सबसे बड़ा मंच, हर शिकायत पर हो रही त्वरित कार्रवाई : अमित चिमनानी



मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में गांव-गांव पहुंच रहा सुशासन का मॉडल, जनसमस्याओं के समाधान और विकास कार्यों की निगरानी को मिल रही नई गति
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// रायपुर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने कहा है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित “सुशासन तिहार” प्रदेश में जनकल्याण, विकास और जवाबदेह प्रशासन की नई पहचान बनकर उभरा है। यह अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता और शासन के बीच विश्वास, संवाद और समाधान का मजबूत माध्यम साबित हो रहा है।
श्री चिमनानी ने कहा कि राज्य सरकार का स्पष्ट उद्देश्य शासन को जनता के अधिक निकट लाना, आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करना तथा शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसी सोच के साथ प्रदेशभर में आयोजित सुशासन तिहार के माध्यम से प्रशासनिक अमला सीधे लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रहा है और मौके पर ही समाधान सुनिश्चित कर रहा है।
उन्होंने कहा कि हाल ही में जनता के साथ अनुचित व्यवहार करने वाले अधिकारी रूपेश पांडे के विरुद्ध की गई कार्रवाई यह दर्शाती है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली सरकार में जनता का सम्मान सर्वोपरि है। किसी भी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा नागरिकों के साथ दुर्व्यवहार अथवा अनुशासनहीनता को किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। सरकार की प्राथमिकता स्पष्ट है कि जनता को सम्मानजनक, पारदर्शी और संवेदनशील प्रशासन उपलब्ध कराया जाए।
जनता और शासन के बीच मजबूत हुआ भरोसे का रिश्ता
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि तीन चरणों में संचालित सुशासन तिहार ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही को नई मजबूती प्रदान की है। इस अभियान के दौरान प्राप्त शिकायतों और मांगों पर त्वरित कार्रवाई कर लोगों को राहत पहुंचाई जा रही है। यही कारण है कि प्रदेशभर में आमजन के बीच इस अभियान को लेकर सकारात्मक माहौल और उत्साह देखने को मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार का सबसे बड़ा उद्देश्य जनता की वास्तविक समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाना है। विकास कार्यों की जमीनी स्थिति का आकलन करने के साथ-साथ योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की जा रही है, जिससे शासन की योजनाएं अधिक प्रभावी रूप से आम नागरिकों तक पहुंच सकें।
तपती गर्मी में जनता के बीच पहुंच रहे मुख्यमंत्री और जनप्रतिनिधि
श्री चिमनानी ने कहा कि जहां भीषण गर्मी के बीच अधिकांश लोग घरों और कार्यालयों तक सीमित हैं, वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और भाजपा के जनप्रतिनिधि लगातार प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं। लगभग 45 डिग्री तापमान में भी जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी गांवों और शहरों में पहुंचकर जनता से सीधा संवाद स्थापित कर रहे हैं तथा समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह सरकार की जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता का प्रमाण है। सुशासन तिहार के माध्यम से जनता को यह भरोसा मिला है कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना जा रहा है और उनके समाधान के लिए सरकार पूरी तत्परता के साथ कार्य कर रही है।
कांग्रेस पर साधा निशाना
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जब प्रदेश सरकार जनता के हित में कार्य कर रही है और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए व्यापक अभियान चला रही है, तब कांग्रेस लगातार भ्रम और भटकाव की राजनीति कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने कई स्थानों पर जनहित के कार्यों में बाधा उत्पन्न करने तथा लोगों के बीच गलत संदेश फैलाने का प्रयास किया है।
श्री चिमनानी ने कहा कि जनता अब विकास और सुशासन की राजनीति को समझ चुकी है। प्रदेशवासियों का विश्वास मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में लगातार मजबूत हो रहा है और सुशासन तिहार इस विश्वास को और अधिक सशक्त बनाने का कार्य कर रहा है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सुशासन तिहार आने वाले समय में छत्तीसगढ़ में विकास, जनभागीदारी, पारदर्शिता और जनकल्याण के नए मानक स्थापित करेगा तथा शासन और जनता के बीच संबंधों को और अधिक मजबूत बनाएगा।


