October 6, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

देवलाल ठाकुर का कांग्रेस से दो टूक सवाल: देवेंद्र यादव, रामगोपाल अग्रवाल समेत आरोपियों पर पार्टी की क्या कार्रवाई होगी? दीपक बैज जनता को दें जवाब
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**// रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कथित कोल लेवी मामले में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) द्वारा करीब 9,500 पन्नों का छठा पूरक चालान पेश किए जाने और कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव, रामगोपाल अग्रवाल समेत 12 लोगों को आरोपी बनाए जाने के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। इसी मुद्दे को लेकर भाजपा ने कांग्रेस से सीधे जवाब की मांग की है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि अब कांग्रेस को प्रदेश की जनता के सामने अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कांग्रेस पार्टी अपने उन नेताओं के खिलाफ संगठनात्मक कार्रवाई करेगी, जिनके नाम EOW के पूरक चालान में आरोपी के रूप में सामने आए हैं, या फिर पार्टी उनका राजनीतिक बचाव करेगी?

ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव और प्रदेश कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल समेत अन्य लोगों को मामले में आरोपी बनाए जाने के बाद कांग्रेस नेतृत्व की जवाबदेही और बढ़ गई है। EOW के पूरक चालान में देवेंद्र यादव, रामगोपाल अग्रवाल, विनोद तिवारी, चंद्रदेव राय, आरपी सिंह, जयप्रकाश मौर्य समेत कुल 12 लोगों के नाम बताए गए हैं।
भाजपा प्रवक्ता ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज से सीधा सवाल करते हुए कहा कि कांग्रेस जनता को बताए कि ऐसे मामलों में उसका संगठनात्मक रुख क्या है। क्या पार्टी आरोपियों से दूरी बनाएगी, उन्हें पदों से हटाएगी और जांच में सहयोग की स्पष्ट नीति अपनाएगी, अथवा राजनीतिक रूप से उनका बचाव करेगी?
ठाकुर ने कहा कि कोयला लेवी मामले में जांच एजेंसी की कार्रवाई के बाद कांग्रेस के सामने केवल राजनीतिक बयान देने का नहीं, बल्कि अपने संगठनात्मक रुख को सार्वजनिक रूप से स्पष्ट करने का सवाल खड़ा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता यह जानना चाहती है कि कांग्रेस भ्रष्टाचार के आरोपों पर पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग के साथ खड़ी है या अपने नेताओं के बचाव को प्राथमिकता देगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा इस पूरे मामले में जांच एजेंसी की कार्रवाई और न्यायिक प्रक्रिया को महत्वपूर्ण मानती है तथा दोष का अंतिम निर्धारण सक्षम न्यायालय द्वारा ही किया जाएगा। लेकिन राजनीतिक और संगठनात्मक स्तर पर कांग्रेस को अपने नेताओं के खिलाफ सामने आए गंभीर आरोपों पर जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए।
देवलाल ठाकुर ने कहा कि अब गेंद कांग्रेस के पाले में है। प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व को स्पष्ट करना होगा कि EOW की कार्रवाई के बाद वह अपने आरोपी बनाए गए नेताओं के मामले में क्या रुख अपनाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी भी जनता के सवालों को और गंभीर बनाएगी।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.