गांवों से लेकर अत्याधुनिक कैंसर उपचार तक, बालको ने बढ़ाया स्वास्थ्य सेवा का दायरा
1 min read



आरोग्य से 70 से अधिक गांवों में 1.20 लाख लोगों तक पहुंची स्वास्थ्य सेवाएं, बालको अस्पताल और बीएमसी ने संभाली विशेषज्ञ एवं उन्नत चिकित्सा की कमान
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**// बालकोनगर, अक्टूबर 2026। स्वास्थ्य केवल उपचार का विषय नहीं, बल्कि स्वस्थ और सशक्त समाज की नींव है। इसी सोच को केंद्र में रखते हुए भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने सामुदायिक स्वास्थ्य से लेकर विशेषज्ञ चिकित्सा और अत्याधुनिक कैंसर उपचार तक स्वास्थ्य सेवाओं का व्यापक नेटवर्क विकसित किया है। बालको की सामुदायिक स्वास्थ्य परियोजना ‘आरोग्य’ के माध्यम से कोरबा और छत्तीसगढ़ के 70 से अधिक गांवों में वर्षभर में 1.20 लाख से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई गईं।
‘आरोग्य’ के तहत वित्तवर्ष 2026 में 92 हजार से अधिक लोगों को प्राथमिक, निवारक और उपचारात्मक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला। तीन ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों के जरिए करीब 4800 लोगों को नियमित उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श दिया गया, वहीं दूरस्थ क्षेत्रों तक चिकित्सा सुविधा पहुंचाने के लिए दो मोबाइल हेल्थ वैन भी सक्रिय रहीं। बहु-विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविरों में सामान्य उपचार के साथ दंत, त्वचा, हड्डी और स्त्री रोग विशेषज्ञों की सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष फोकस
बालको की स्वास्थ्य पहल में बच्चों, माताओं और किशोरियों के स्वास्थ्य को विशेष प्राथमिकता दी गई है। 51 आंगनबाड़ी केंद्रों में 3300 से अधिक बच्चों की स्वास्थ्य जांच की गई। इनमें 268 बच्चों को कुपोषण की विभिन्न श्रेणियों में चिन्हित कर विशेष देखभाल दी गई, जबकि गंभीर कुपोषित 18 बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र के लिए रेफर किया गया।
एनीमिया के खिलाफ जागरूकता अभियान के तहत 45 शिविरों में 1137 गर्भवती महिलाओं, माताओं और किशोरियों को पोषण तथा आयरन सेवन के महत्व की जानकारी दी गई। वहीं ‘बेबी स्टेप्स टुगेदर’ पहल के माध्यम से 80 से अधिक दंपतियों को मातृत्व के दौरान पिता की सक्रिय भूमिका के लिए प्रशिक्षित किया गया।
नशामुक्ति से टीबी-एचआईवी जागरूकता तक व्यापक अभियान
बालको ने स्वास्थ्य जागरूकता को उपचार के साथ जोड़ते हुए युवाओं और समुदाय के बीच भी व्यापक अभियान चलाए। विद्यालयों, युवा चौपाल, नुक्कड़ नाटक और जागरूकता शिविरों के जरिए 4900 से अधिक युवाओं एवं नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
टीबी और एचआईवी जागरूकता के 110 सत्रों के माध्यम से 67 हजार से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी पहुंचाई गई और 64 से अधिक स्वयंसेवकों को प्रशिक्षित किया गया। सुरक्षित मातृत्व दिवस, विश्व मलेरिया दिवस, स्तनपान सप्ताह, पोषण माह और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस जैसे अवसरों पर भी जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया।
125 बेड का बालको अस्पताल बना विशेषज्ञ चिकित्सा का मजबूत केंद्र
सामुदायिक स्वास्थ्य सेवाओं के साथ बालको अस्पताल बालको परिवार और आसपास के लोगों के लिए विशेषज्ञ चिकित्सा का महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभरा है। 125 बेड वाले मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल में प्रतिवर्ष लगभग 2.2 लाख मरीजों का उपचार किया जाता है।
अस्पताल में सामान्य चिकित्सा और सर्जरी के साथ स्त्री एवं प्रसूति रोग, बाल रोग, हड्डी रोग, नेत्र रोग, ईएनटी, दंत चिकित्सा और फिजियोथेरेपी जैसी विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध हैं। सीटी स्कैन, 2डी ईको, अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे, होल्टर मॉनिटरिंग, स्पाइरोमेट्री और ट्रेडमिल टेस्टिंग जैसी आधुनिक जांच सुविधाओं ने चिकित्सा सेवाओं को और मजबूत किया है।
जॉइंट रिप्लेसमेंट एवं आर्थ्रोप्लास्टी, डायलिसिस, फेकोइमल्सीफिकेशन मोतियाबिंद सर्जरी, लेजर प्रोक्टोलॉजी और ईवीएलए जैसी उन्नत प्रक्रियाओं के साथ 10 आईसीयू बेड और आधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर अस्पताल की चिकित्सा क्षमता को नई मजबूती प्रदान कर रहे हैं।
कैंसर के खिलाफ जंग में बीएमसी बना अत्याधुनिक उपचार का केंद्र
बालको की स्वास्थ्य प्रतिबद्धता को नया आयाम बालको मेडिकल सेंटर (बीएमसी), नया रायपुर ने दिया है। 170 बेड वाला यह तृतीयक कैंसर केंद्र कैंसर की रोकथाम, स्क्रीनिंग, जांच और उपचार से लेकर रेडिएशन थेरेपी, ब्रैकीथेरेपी, न्यूक्लियर मेडिसिन, सर्जरी, कीमोथेरेपी, इम्यूनोथेरेपी, बोन मैरो ट्रांसप्लांट और पैलिएटिव केयर जैसी अत्याधुनिक सेवाएं उपलब्ध करा रहा है।
वर्ष 2018 में स्थापना के बाद बीएमसी में करीब 76 हजार मरीजों का उपचार किया जा चुका है। इस दौरान लगभग 14 हजार बड़ी सर्जरी और 96 हजार से अधिक कीमोथेरेपी सत्र किए गए हैं। कैंसर की शुरुआती पहचान और रोकथाम के लिए 600 से अधिक सामुदायिक स्वास्थ्य स्क्रीनिंग एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं।
बीएमसी में बोन मैरो ट्रांसप्लांट यूनिट का विस्तार, इंडोस्कोपी सूट और उन्नत कैंसर उपचार सुविधाओं का विकास इसे लगातार अत्याधुनिक चिकित्सा केंद्र के रूप में मजबूत कर रहा है।
कैंसर जांच को गांवों तक ले जा रहा बीएमसी
कैंसर की समय रहते पहचान और उपचार की सुविधा समुदाय के करीब पहुंचाने के लिए मोबाइल कैंसर डिटेक्शन वैन तथा स्वास्थ्य स्क्रीनिंग गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। वित्तवर्ष 2026 में 250 से अधिक स्वास्थ्य शिविरों एवं जागरूकता कार्यक्रमों से 20 हजार से अधिक लोगों को लाभ मिला।
जरूरतमंद मरीजों के लिए उपचार सहायता के साथ आवास, परिवहन, पोषण और अन्य सहयोगी सेवाओं पर भी ध्यान दिया जा रहा है, ताकि आर्थिक या सामाजिक परिस्थितियां उपचार के रास्ते में बाधा न बनें।
हाल ही में आयोजित बीएमसी कैंसर कॉन्क्लेव के दौरान छत्तीसगढ़ में सर्वाइकल कैंसर एलिमिनेशन प्रोग्राम की शुरुआत भी की गई। यह पहल कैंसर की रोकथाम, शुरुआती पहचान और समुदाय आधारित स्क्रीनिंग को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
128 गांवों तक पहुंचा बालको का सामुदायिक विकास अभियान
बालको के सामुदायिक विकास कार्यक्रम छत्तीसगढ़ के कोरबा, कवर्धा, सरगुजा, रायगढ़ और रायपुर जिलों के 128 गांवों तक पहुंच रहे हैं। ‘आरोग्य’ के जरिए गांवों में स्वास्थ्य सेवाएं, बालको अस्पताल के माध्यम से स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ चिकित्सा और बीएमसी के जरिए अत्याधुनिक कैंसर उपचार—इन तीनों स्तरों को जोड़कर बालको स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ और व्यापक बनाने की दिशा में काम कर रहा है।
सामुदायिक स्वास्थ्य, विशेषज्ञ चिकित्सा और उन्नत उपचार के इस समन्वित मॉडल के जरिए बालको स्वस्थ, जागरूक और सशक्त समुदाय के निर्माण की दिशा में लगातार प्रयासरत है। कंपनी की ये पहल राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राथमिकताओं और सतत विकास लक्ष्य-3 के अनुरूप स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।







