जुए की लत ने बनाया शातिर चोर, दो बड़ी चोरियों का खुलासा: सक्ती पुलिस ने दबोचा आरोपी



आंगनबाड़ी से लेकर सूने मकान तक बनाया निशाना, चोरी की बाइक और सामान सहित गिरफ्तार
Tirentra times Korba**//**//* सक्ती। जुए की लत पूरी करने के लिए लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर चोर को सक्ती पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी ने थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर चोरी की घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस के लिए चुनौती खड़ी कर दी थी, लेकिन पुलिस की सतर्कता और लगातार की गई जांच के चलते आखिरकार वह कानून के शिकंजे में आ गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी भागीरथी साहू (27 वर्ष) निवासी डूमरपाली, थाना भूपदेवपुर, जिला रायगढ़ को मुखबिर की सूचना पर करोरपारा क्षेत्र से घेराबंदी कर पकड़ा गया। आरोपी उस समय चोरी का सामान बेचने की फिराक में मोटरसाइकिल सहित खड़ा था।पू

छताछ के दौरान आरोपी ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने स्वीकार किया कि सितंबर 2025 में ग्राम हरेठी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में खिड़की के रास्ते घुसकर टीवी, टेबल पंखा, एग्जॉस्ट पंखा, ट्यूबलाइट तथा खाद्य सामग्री सहित लगभग 20 हजार रुपये का सामान चोरी किया था। इसके अलावा जनवरी 2026 में बुधवारी बाजार क्षेत्र स्थित एक सूने मकान का ताला तोड़कर चांदी के सिक्के, कांसे के बर्तन और नकदी समेत करीब 15 हजार रुपये की चोरी की वारदात को भी अंजाम दिया था।
पूछताछ में आरोपी ने यह भी कबूल किया कि वह ओडिशा के बेलपहाड़ क्षेत्र से एक लाल रंग की हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी कर लाया था, जिसका उपयोग वह अपने आवागमन में कर रहा था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कांसे के बर्तन और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त कर लिया है। आरोपी ने बताया कि जुआ खेलने की आदत के कारण उसे पैसों की जरूरत पड़ती थी, जिसके चलते वह लगातार चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर उप जेल सक्ती भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई को सक्ती पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी के मार्गदर्शन में चलाए गए अभियान के तहत थाना प्रभारी निरीक्षक लखन लाल पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी के मामलों का खुलासा किया।
स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि इससे क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगेगा और अपराधियों में कानून का भय बढ़ेगा।


