अपनी क्षमता पहचानें, मेहनत में झोंक दें खुद को, लक्ष्य हासिल करने से कोई नहीं रोक सकेगा : डॉ. प्रशांत
1 min read



कमला नेहरू महाविद्यालय में कॅरियर गाइडेंस कार्यशाला, विद्यार्थियों को रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं और बदलते कॅरियर विकल्पों की दी उपयोगी जानकारी
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**// कोरबा। युवा जीवन में सही दिशा, मेहनत और अपनी क्षमताओं की पहचान ही सफलता की मजबूत नींव तैयार करती है। यदि विद्यार्थी अपनी रुचि और सामर्थ्य को पहचानकर पूरी निष्ठा के साथ मेहनत में जुट जाएं, तो मनचाहे लक्ष्य को हासिल करने की राह आसान हो जाती है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए कमला नेहरू महाविद्यालय, कोरबा में छात्र-छात्राओं के लिए एक दिवसीय कॅरियर गाइडेंस कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर ने कहा कि युवाओं को अपने भविष्य को लेकर अनावश्यक दबाव लेने के बजाय अपनी काबिलियत को निखारने और वर्तमान समय की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को विकसित करने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यदि युवा ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपनी क्षमता को पहचानकर स्वयं को परिश्रम के लिए समर्पित कर दें, तो उन्हें अपने लक्ष्य तक पहुंचने से कोई नहीं रोक सकता।
सिर्फ डिग्री नहीं, कौशल भी जरूरी
महाविद्यालय के कॅरियर गाइडेंस एवं प्लेसमेंट सेल द्वारा जेसीसी एजुकेशन सर्विसेज के सहयोग से आयोजित कार्यशाला में मुख्य वक्ता एवं जेसीसी एजुकेशन सर्विसेज के डायरेक्टर जितेंद्र द्विवेदी ने विद्यार्थियों को बदलते रोजगार परिदृश्य से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में केवल डिग्री हासिल करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि व्यावहारिक ज्ञान, तकनीकी दक्षता और आवश्यक कौशल विकसित करना भी बेहद जरूरी है।







