छत्तीसगढ़ में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी का नया अध्याय: कृष्णा ग्रुप ने लॉन्च की ‘विनफास्ट’ ईवी कार, डॉ. रमन सिंह ने किया प्रदेश के पहले शोरूम का उद्घाटन



रायपुर में खुला अत्याधुनिक ईवी शोरूम, हरित परिवहन और आधुनिक तकनीक की दिशा में बड़ा कदम
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// रायपुर/कोरबा। छत्तीसगढ़ में इलेक्ट्रिक वाहन क्रांति को नई गति देते हुए ऑटोमोबाइल क्षेत्र के प्रतिष्ठित नाम कृष्णा ग्रुप ने वियतनाम की वैश्विक ईवी कंपनी “विनफास्ट” के साथ साझेदारी कर प्रदेश में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के नए युग का शुभारंभ किया। रायपुर में स्थापित अत्याधुनिक शोरूम का भव्य उद्घाटन छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के करकमलों से संपन्न हुआ। इस अवसर पर बस्तर राजघराने के महाराजा कमलभंज देव की गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह की शोभा बढ़ाई।
भव्य आयोजन के साथ शुरू हुए इस नए अध्याय को प्रदेश में पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था और अत्याधुनिक तकनीक की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। उद्घाटन समारोह में उद्योग, व्यापार, बैंकिंग, फाइनेंस, सामाजिक संगठनों तथा ऑटोमोबाइल क्षेत्र से जुड़े अनेक प्रतिष्ठित लोगों ने सहभागिता निभाई।
50 से अधिक आउटलेट्स के साथ ऑटोमोबाइल जगत का भरोसेमंद नाम
कृष्णा ग्रुप वर्षों से ऑटोमोबाइल क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बनाए हुए है। समूह छत्तीसगढ़ और ओडिशा में हुंडई, होंडा, टाटा, किया, महिंद्रा सहित कई प्रतिष्ठित चारपहिया कंपनियों तथा होंडा और बजाज जैसी दोपहिया कंपनियों की डीलरशिप सफलतापूर्वक संचालित कर रहा है। वर्तमान में समूह के 50 से अधिक आधुनिक आउटलेट संचालित हैं, जो ग्राहकों को उत्कृष्ट सेवाएं उपलब्ध करा रहे हैं।
अब समूह को पूरे छत्तीसगढ़ में “विनफास्ट” इलेक्ट्रिक कार की अधिकृत डीलरशिप प्राप्त हुई है, जिसके तहत रायपुर में पहला हाईटेक शोरूम प्रारंभ किया गया है।
आधुनिक तकनीक और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संगम
समारोह में कृष्णा ग्रुप के डायरेक्टर राजा मोदी ने विनफास्ट ईवी कार के आधुनिक फीचर्स, अत्याधुनिक तकनीक और पर्यावरणीय लाभों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दुनिया तेजी से इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर बढ़ रही है और आने वाला समय ईवी वाहनों का होगा।
उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रिक वाहन ईंधन खर्च में कमी लाने के साथ-साथ कार्बन उत्सर्जन घटाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इससे पर्यावरण संरक्षण को नई मजबूती मिलेगी और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।
राजा मोदी ने सरकार से आग्रह किया कि ईवी वाहनों को अधिक लोकप्रिय बनाने के लिए आरटीओ शुल्क एवं अन्य करों में विशेष रियायतें दी जाएं ताकि अधिक से अधिक लोग इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने के लिए प्रेरित हों।
ईवी वाहन भविष्य की आवश्यकता : अशोक मोदी
कृष्णा ग्रुप के चेयरमैन अशोक मोदी ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि देश तेजी से स्वच्छ ऊर्जा आधारित परिवहन व्यवस्था की ओर अग्रसर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर और हरित भारत के विजन को साकार करने में इलेक्ट्रिक वाहन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने कहा कि ईवी कारों और इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों के बढ़ते उपयोग से पेट्रोल-डीजल पर निर्भरता कम होगी, साथ ही वायु और ध्वनि प्रदूषण में भी उल्लेखनीय कमी आएगी। उन्होंने बताया कि कृष्णा ग्रुप को संपूर्ण छत्तीसगढ़ की डीलरशिप प्राप्त हुई है और आने वाले समय में प्रदेश के विभिन्न जिलों में भी विनफास्ट के आधुनिक शोरूम स्थापित किए जाएंगे।
कृष्णा ग्रुप की उपलब्धियों की डॉ. रमन सिंह ने की सराहना
मुख्य अतिथि डॉ. रमन सिंह ने अपने संबोधन में कृष्णा ग्रुप की विकास यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि यह समूह आज प्रदेश के सबसे सफल और विश्वसनीय ऑटोमोबाइल नेटवर्क में शामिल हो चुका है। उन्होंने कहा कि समूह की निरंतर प्रगति, रोजगार सृजन और राजस्व योगदान छत्तीसगढ़ के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने कहा कि 54 वर्षों की यात्रा पूरी कर चुका यह समूह आज 54 से अधिक आउटलेट्स के साथ सफलता की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। हजारों लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार उपलब्ध कराने में भी कृष्णा ग्रुप की भूमिका उल्लेखनीय है।
गणमान्य अतिथियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
उद्घाटन समारोह में शहर और प्रदेश के अनेक प्रतिष्ठित उद्योगपति, समाजसेवी, प्रशासनिक अधिकारी, बैंक एवं फाइनेंस कंपनियों के प्रतिनिधि, पत्रकार तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
प्रमुख रूप से छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के संरक्षक सियाराम अग्रवाल, प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल, संजय अग्रवाल, कृष्णा ग्रुप के डायरेक्टर संजय मोदी, हार्दिक मोदी, वेदांत मोदी, किरण मोदी, वेदिका मोदी, ओमप्रकाश गोयनका, विजया देवी गोयनका, सुधीर बंसल, आशा बंसल, मीना अग्रवाल, संगीता झुनझुनवाला, वैष्णवी झुनझुनवाला, अनिल अग्रवाल, मंजू अग्रवाल, साहिल अग्रवाल, डॉ. पूर्वी अग्रवाल तथा कोरबा के श्रीकांत बुधिया सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अंत में कृष्णा ग्रुप के डायरेक्टर गौरव मोदी ने सभी अतिथियों, ग्राहकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समूह भविष्य में भी प्रदेशवासियों को अत्याधुनिक तकनीक और विश्वस्तरीय सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
“रायपुर से शुरू हुई हरित परिवहन की नई यात्रा, कृष्णा ग्रुप के साथ छत्तीसगढ़ में विनफास्ट ईवी कारों का आगाज”


