August 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कोरबा में हृदय उपचार का नया अध्याय: एनकेएच में अत्याधुनिक कैथलैब से मिली मरीजों को बड़ी राहत

1 min read

 

 

पहली बार सफल एआईसीडी प्रत्यारोपण, अब गंभीर हृदय रोगों का इलाज शहर में ही संभव
Tirentra times Korba**//**//  कोरबा। स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में कोरबा ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। शहर के प्रतिष्ठित सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल एनकेएच में शुरू की गई अत्याधुनिक कैथलैब सुविधा हृदय रोगियों के लिए संजीवनी साबित हो रही है। अब तक जिन जटिल हृदय रोगों के उपचार के लिए मरीजों को बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था, उनका सफल उपचार अब स्थानीय स्तर पर ही किया जा रहा है।
बदलती जीवनशैली, बढ़ते तनाव और भीषण गर्मी के कारण हृदय संबंधी बीमारियों के मामलों में लगातार वृद्धि देखी जा रही है। ऐसे में एनकेएच की कैथलैब सुविधा मरीजों को त्वरित और आधुनिक चिकित्सा उपलब्ध करा रही है। हाल ही में अस्पताल में हृदय संबंधी गंभीर समस्याओं से जूझ रहे कई मरीजों का सफल उपचार किया गया, जिससे क्षेत्र के लोगों में भरोसा और बढ़ा है।
रायपुर से आने वाले वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. सतीश सूर्यवंशी एवं डॉ. एस.एस. मोहंती के मार्गदर्शन में चिकित्सकों की टीम ने कई जटिल प्रक्रियाओं को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। विशेषज्ञों द्वारा जांच के बाद अनेक मरीजों की एंजियोग्राफी एवं एंजियोप्लास्टी की गई, वहीं एक मरीज में पेसमेकर प्रत्यारोपण भी सफल रहा।
इस दौरान अस्पताल ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि भी दर्ज की। कोरबा में पहली बार तीन मरीजों में एआईसीडी (ऑटोमेटिक इम्प्लांटेबल कार्डियोवर्टर डिफिब्रिलेटर) सफलतापूर्वक प्रत्यारोपित किया गया। यह उपलब्धि न केवल अस्पताल बल्कि पूरे जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
एआईसीडी एक उन्नत जीवनरक्षक उपकरण है, जिसे मरीज के शरीर में प्रत्यारोपित किया जाता है। यह हृदय की धड़कनों पर लगातार निगरानी रखता है और अचानक धड़कन असामान्य होने या हृदय गति रुकने जैसी खतरनाक स्थिति में तत्काल विद्युत संकेत देकर हृदय की सामान्य कार्यप्रणाली को बहाल करने में मदद करता है। विशेषज्ञों के अनुसार यह तकनीक गंभीर हृदय रोगियों के लिए जीवन रक्षा का प्रभावी माध्यम है।
अस्पताल प्रबंधन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, कैथलैब शुरू होने के बाद से सैकड़ों मरीज इसका लाभ उठा चुके हैं। हाल के महीनों में बड़ी संख्या में एंजियोग्राफी और एंजियोप्लास्टी प्रक्रियाएं सफलतापूर्वक संपन्न हुई हैं, जिससे मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध हो रहा है।
एनकेएच ग्रुप के डायरेक्टर डॉ. एस. चंदानी ने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य कोरबा और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को महानगरों जैसी उन्नत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। कैथलैब सुविधा शुरू होने से अब गंभीर हृदय रोगों का उपचार जिले में ही संभव हो गया है, जिससे मरीजों को आर्थिक, शारीरिक और मानसिक राहत मिल रही है।
स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो रही इस आधुनिक सुविधा ने न केवल स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा दी है, बल्कि यह भी साबित किया है कि बेहतर तकनीक और विशेषज्ञ चिकित्सा के माध्यम से अब कोरबा स्वास्थ्य क्षेत्र में तेजी से नई पहचान बना रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.