August 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

युवाओं को नशे से दूर रखने महाविद्यालय में जागरूकता अभियान, तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण का लिया संकल्प

1 min read

 

विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर परिचर्चा, पोस्टर प्रदर्शनी और सामूहिक शपथ कार्यक्रम आयोजित
Tirentra times Korba**//**//* कोरबा। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर शासकीय इंजीनियर विश्वेश्वरैया स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोरबा में राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) इकाई द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया गया।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के आह्वान पर आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं के बीच नशे के बढ़ते प्रभाव, उसके दुष्परिणामों और रोकथाम के उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई। परिचर्चा में स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने विचार साझा किए और नशे के खिलाफ जनजागरण की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत रासेयो जिला संगठक वाय.के. तिवारी ने की। उन्होंने विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा निर्धारित इस वर्ष की थीम पर प्रकाश डालते हुए बताया कि तंबाकू और निकोटिन की लत से मुक्ति केवल व्यक्तिगत नहीं बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने युवाओं से सकारात्मक सोच, स्वस्थ जीवनशैली और सामाजिक जागरूकता के माध्यम से नशे के खिलाफ मजबूत अभियान चलाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक पोस्टर तैयार कर तंबाकू और नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया गया। पोस्टरों के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर ने उपस्थित सभी प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि तंबाकू केवल एक आदत नहीं बल्कि शरीर और समाज दोनों के लिए गंभीर खतरा है। इसके लगातार सेवन से व्यक्ति के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है, आर्थिक स्थिति कमजोर होती है और सामाजिक जीवन भी प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए परिवार, समाज और शैक्षणिक संस्थानों को मिलकर कार्य करना होगा।
कार्यक्रम में भूगोल विभाग के अध्यक्ष डॉ. बी.एल. साय ने विद्यार्थियों को तंबाकू निषेध संबंधी जनजागरूकता गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा संचालित तंबाकू त्याग सहायता सेवाओं की जानकारी देते हुए लोगों को नशामुक्त जीवन की ओर प्रेरित करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में भूगोल विभागाध्यक्ष ए.के. मिश्रा, रासेयो कार्यक्रम अधिकारी जी.एम. उपाध्याय, वरिष्ठ प्राध्यापक ओ.पी. साहू, राकेश गौतम, आशुतोष शर्मा, नितेश यादव, शंकर यादव, दुर्गाशंकर पटेल, दिनेश यादव, हेमंत रजक सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में वरिष्ठ स्वयंसेवक देवांश कुमार तिवारी, किशोर चौहान और प्रियांशु मिश्रा सहित रासेयो स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.