May 13, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

भाजपा प्रदेश कार्यसमिति का राजनीतिक प्रस्ताव पारित: “विकसित छत्तीसगढ़” के संकल्प के साथ कांग्रेस पर तीखा हमला, मोदी-साय सरकार की उपलब्धियों का विस्तृत बखान

 

 

महिला आरक्षण, नक्सल उन्मूलन, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और सुशासन को लेकर भाजपा ने पेश किया आक्रामक राजनीतिक एजेंडा
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//**//  रायपुर। भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ की प्रदेश कार्यसमिति बैठक में बुधवार को व्यापक राजनीतिक प्रस्ताव पारित किया गया, जिसमें केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार की उपलब्धियों का विस्तार से उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला गया। प्रस्ताव उप मुख्यमंत्री अरुण साव द्वारा प्रस्तुत किया गया, जिसका समर्थन वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा तथा महासमुंद लोकसभा सांसद रूपकुमारी चौधरी ने किया।
प्रदेश कार्यसमिति ने प्रस्ताव के माध्यम से विधानसभा, लोकसभा और नगरीय निकाय चुनावों में भाजपा को मिले “ऐतिहासिक जनादेश” के लिए प्रदेश की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रस्ताव में कहा गया कि जनता ने भाजपा की नीतियों, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार के कार्यों पर भरोसा जताया है। कार्यसमिति ने विश्वास दिलाया कि भाजपा “मोदी गारंटी” के हर संकल्प को पूरा करते हुए “विकसित भारत” के साथ “विकसित छत्तीसगढ़” के निर्माण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।

 

 

 

पांच राज्यों की जीत को बताया भाजपा के बढ़ते जनाधार का प्रमाण
राजनीतिक प्रस्ताव में हाल ही में हुए पांच राज्यों के चुनाव परिणामों का उल्लेख करते हुए भाजपा ने इसे “राष्ट्रीय विचारधारा के स्वर्णकाल” का संकेत बताया। पश्चिम बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक जीत को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को सच्ची श्रद्धांजलि बताया गया। वहीं असम में लगातार तीसरी बार सरकार बनने, पुद्दुचेरी में एनडीए की वापसी और केरल-तमिलनाडु में भाजपा के बढ़ते जनाधार को कांग्रेस के कमजोर होते आधार का संकेत बताया गया।
प्रस्ताव में कहा गया कि “आज गंगोत्री से गंगासागर तक और अरब सागर से बंगाल की खाड़ी तक भगवा लहरा रहा है” तथा भाजपा देश की एकमात्र सर्वस्वीकार्य राजनीतिक शक्ति बनकर उभरी है।
सनातन पुनर्जागरण और सांस्कृतिक विरासत पर विशेष जोर
भाजपा कार्यसमिति ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल को “सनातन संस्कृति के पुनर्जागरण का काल” बताया। प्रस्ताव में सोमनाथ मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, महाकाल लोक, केदारनाथ धाम और राम मंदिर जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के पुनर्निर्माण और विकास को भारत के गौरव की पुनर्स्थापना बताया गया।
प्रस्ताव में कहा गया कि मोदी सरकार ने भारत की सांस्कृतिक विरासत को विश्व पटल पर स्थापित किया है। योग और आयुर्वेद को वैश्विक पहचान दिलाने, जी-20 के दौरान भारतीय संस्कृति के प्रदर्शन तथा भूले-बिसरे नायकों को सम्मान देने को भी ऐतिहासिक पहल बताया गया।
साय सरकार के “विश्वास वर्ष” और जनकल्याणकारी योजनाओं का बखान
प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए प्रस्ताव में कहा गया कि पिछली कांग्रेस सरकार ने अपने वादों को पूरा नहीं किया था, जिससे जनता का राजनीतिक व्यवस्था से भरोसा उठ गया था। भाजपा सरकार ने “विश्वास वर्ष” घोषित कर प्रधानमंत्री आवास, 3100 रुपये प्रति क्विंटल धान खरीदी, महतारी वंदन योजना, भूमिहीन किसानों को आर्थिक सहायता और महिलाओं को भूमि पंजीयन में छूट जैसी योजनाओं के माध्यम से जनता का विश्वास फिर से जीता है।
कार्यसमिति ने कहा कि “सुशासन तिहार” जैसे अभियानों के माध्यम से सरकार सीधे गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रही है। साथ ही “समाधान योजना” के जरिए बिजली उपभोक्ताओं को राहत देने और “छत्तीसगढ़ धर्म स्वतंत्र्य अधिनियम 2026” को अवैध मतांतरण रोकने की दिशा में बड़ा कदम बताया गया।
नक्सल उन्मूलन और सेना के पराक्रम पर भाजपा का अभिनंदन प्रस्ताव
राजनीतिक प्रस्ताव में नक्सल उन्मूलन को “डबल इंजन सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक” बताया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में कम्युनिस्ट आतंक के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की सराहना करते हुए भाजपा ने सुरक्षा बलों, डीआरजी और स्थानीय जवानों के शौर्य को नमन किया।
वहीं “ऑपरेशन सिंदूर” का उल्लेख करते हुए भाजपा ने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना ने जिस तरह दुश्मनों को जवाब दिया, उसने दुनिया को नए भारत की ताकत का एहसास कराया है। कार्यसमिति ने भारतीय सेना के साहस और पराक्रम का अभिनंदन किया।

 

 

 

महिला आरक्षण पर कांग्रेस पर बड़ा हमला
प्रदेश कार्यसमिति ने “नारी शक्ति वंदन विधेयक” को लेकर कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर तीखा हमला बोला। भाजपा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने महिला आरक्षण लागू होने से रोकने का “महापाप” किया है। प्रस्ताव में कहा गया कि प्रधानमंत्री मोदी महिलाओं को राजनीतिक अधिकार देने के लिए प्रतिबद्ध हैं और भाजपा हर हाल में महिला आरक्षण लागू कराएगी।

 

 

प्रदेश सरकार द्वारा इस वर्ष को “महतारी गौरव वर्ष” घोषित किए जाने का उल्लेख करते हुए भाजपा ने कहा कि कांग्रेस के विरोध के बावजूद महिलाओं के अधिकारों की लड़ाई जारी रहेगी।
वैश्विक संकट के बीच मोदी नेतृत्व की सराहना
पश्चिम एशिया में जारी युद्ध और वैश्विक आर्थिक संकट का उल्लेख करते हुए प्रस्ताव में कहा गया कि पूरी दुनिया आर्थिक अस्थिरता से जूझ रही है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व के कारण भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत बनी हुई है। आपूर्ति श्रृंखला, विकास दर और आर्थिक स्थिरता को मोदी सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया गया।
भाजपा कार्यकर्ताओं से जन-जन तक योजनाएं पहुंचाने का आह्वान
कार्यसमिति ने प्रदेशभर के भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाएं तथा विपक्ष के “नकारात्मक और दुष्प्रचार आधारित एजेंडे” का जवाब दें। प्रस्ताव के अंत में “वंदे मातरम्, जय भारत-जय छत्तीसगढ़” के उद्घोष के साथ भाजपा ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.