कांग्रेस में भ्रष्टाचार ही बनता है पदोन्नति का पैमाना, आदिवासियों को मोहरा बनाकर किया जाता है राजनीतिक शोषण – देवलाल ठाकुर






त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***// कोरबा भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने शराब घोटाला मामले में गिरफ्तार रहे चैतन्य बघेल की जमानत पर रिहाई के बाद निकाले गए जुलूस को लेकर कांग्रेस पर तीखा और करारा हमला बोला है। श्री ठाकुर ने कहा कि चैतन्य बघेल का जुलूस निकालकर कांग्रेस नेताओं ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया है कि कांग्रेस न केवल भ्रष्टाचारियों के साथ खड़ी रहती है, बल्कि जो व्यक्ति जितना बड़ा घोटाला और भ्रष्टाचार करता है, वह कांग्रेस में उतना ही आगे बढ़ता है। कांग्रेस में ईमानदारी नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार ही तरक्की की सीढ़ी है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री ठाकुर ने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है कि हजारों करोड़ रुपये के शराब घोटाले में एक ओर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पुत्र चैतन्य (बिट्टू) बघेल को जमानत मिलते ही विजय जुलूस निकाला जाता है, वहीं दूसरी ओर इसी घोटाले में भूपेश सरकार के समय मंत्री रहे आदिवासी नेता कवासी लखमा आज भी जेल की सलाखों के पीछे बंद हैं। यह कांग्रेस की दोहरी नीति और वर्ग विशेष के प्रति उसके पक्षपातपूर्ण रवैये को उजागर करता है।
श्री ठाकुर ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री रहते हुए भूपेश बघेल ने कवासी लखमा की शैक्षणिक स्थिति का लाभ उठाया और उनसे सरकारी कागजातों पर हस्ताक्षर कराए। सत्ता में रहते समय लखमा का उपयोग किया गया और आज जब वह संकट में हैं, तो भूपेश बघेल और कांग्रेस नेतृत्व उनकी कोई सुध लेने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि यही कांग्रेस की वर्षों पुरानी नीति रही है—आदिवासियों का शोषण करना और आवश्यकता समाप्त होते ही उनकी राजनीतिक हत्या कर देना।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने आगे कहा कि यह पहला मामला नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, बस्तर के आदिवासी नेता और पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम सहित अनेक आदिवासी नेताओं के साथ राजनीतिक छल और षड्यंत्र किया है। इन नेताओं को आगे बढ़ाने का दिखावा कर अंततः उन्हें हाशिए पर डाल दिया गया। यह सब प्रदेश की जनता भली-भांति जानती है और अब कांग्रेस की कथनी और करनी में अंतर पूरी तरह उजागर हो चुका है।
देवलाल ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस की पहचान आज भ्रष्टाचार, परिवारवाद और सत्ता के लिए किसी भी हद तक जाने वाली राजनीति बन चुकी है। कांग्रेस न तो आदिवासियों की सच्ची हितैषी है और न ही प्रदेश की जनता की। कांग्रेस केवल अपने करीबी और परिवार के लोगों को बचाने में जुटी रहती है, चाहे इसके लिए आदिवासी समाज के नेताओं को बलि का बकरा ही क्यों न बनाना पड़े।
श्री ठाकुर ने कहा कि भाजपा इस अन्याय, भ्रष्टाचार और आदिवासी समाज के शोषण के खिलाफ लगातार आवाज उठाती रहेगी और प्रदेश की जनता को कांग्रेस के असली चेहरे से अवगत कराती रहेगी। उन्होंने कहा कि अब छत्तीसगढ़ की जनता कांग्रेस की इस दोहरी और छलपूर्ण राजनीति को समझ चुकी है और आने वाले समय में इसका करारा जवाब देगी।





