July 22, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

मंडल अध्यक्ष हरिशंकर यादव का सोनपुरी उपार्जन केंद्र में औचक निरीक्षण, किसानों की समस्याओं पर जताई कड़ी नाराज़गी

1 min read

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा *****//** कोरबा त्रिनेत्र।
कोरबा जिले के अजगरबहार तहसील अंतर्गत सोनपुरी सहकारी समिति उपार्जन केंद्र में किसानों से अधिक मात्रा में धान लेने तथा उनसे हमाली का कार्य कराए जाने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मंडल अध्यक्ष हरिशंकर यादव ने केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपार्जन व्यवस्था, धान तौल प्रक्रिया, किसानों की सुविधा एवं केंद्र प्रबंधन की कार्यप्रणाली का बारीकी से अवलोकन किया गया।

 

 

 

निरीक्षण के समय मंडल अध्यक्ष को किसानों ने बताया कि निर्धारित मानकों से अधिक धान की मांग की जा रही है तथा नियमों के विपरीत किसानों से हमाल का काम भी कराया जा रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक और शारीरिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों की बात सुनकर मंडल अध्यक्ष ने इस पर नाराज़गी व्यक्त की और कहा कि शासन द्वारा तय नियमों के अनुसार ही धान खरीदी की जानी चाहिए, किसी भी प्रकार की मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंडल अध्यक्ष हरिशंकर यादव ने मौके पर मौजूद समिति प्रबंधक साहू एवं राठौर को स्पष्ट निर्देश दिए कि धान उपार्जन में पारदर्शिता बरती जाए, किसानों से किसी भी तरह का अतिरिक्त कार्य न कराया जाए तथा सभी प्रक्रियाएं शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही संचालित हों। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में अनियमितता पाई गई तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान मंडल अध्यक्ष ने तौल कांटा, रजिस्टर संधारण, बारदाना व्यवस्था एवं किसानों के बैठने–पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया और कमियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसान अन्नदाता हैं, उनके साथ किसी भी प्रकार का अन्याय स्वीकार नहीं किया जाएगा।
औचक निरीक्षण से उपार्जन केंद्र में हड़कंप की स्थिति रही, वहीं किसानों में यह उम्मीद जगी कि अब उनकी समस्याओं का समाधान होगा और धान खरीदी व्यवस्था सुचारू व न्यायसंगत रूप से संचालित की जाएगी।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.