भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेयी के विचारों से गूंजा कोरबा, विधानसभा स्तरीय संगोष्ठी में विराट व्यक्तित्व व कृतित्व का हुआ स्मरण






त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//कोरबा भारत रत्न, छत्तीसगढ़ के निर्माता तथा युगद्रष्टा राष्ट्रनेता अटल बिहारी बाजपेयी के जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर कोरबा विधानसभा स्तरीय संगोष्ठी का भव्य आयोजन भाजपा जिला कार्यालय टी.पी.नगर, कोरबा में किया गया। संगोष्ठी में अटल बिहारी बाजपेयी के राजनीतिक, पत्रकार और कवि रूप को स्मरण करते हुए उनके विचारों, आदर्शों और राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई। आयोजन का उद्देश्य अटल जी के विचारों को जन–जन तक पहुंचाना और नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से जोड़ना रहा।
संगोष्ठी में मुख्य वक्ता उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, महापौर संजू देवी राजपूत एवं जिला संगठन सह प्रभारी ब्रजेन्द्र शुक्ला की प्रमुख उपस्थिति रही। वक्ताओं ने कहा कि अटल बिहारी बाजपेयी केवल एक राजनेता नहीं थे, बल्कि वे विचार, संवेदना, संवाद और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक थे। उनका संपूर्ण जीवन देश, लोकतंत्र और जनसेवा को समर्पित रहा।
राष्ट्रहित सर्वोपरि था अटल बिहारी बाजपेयी का मूल मंत्र – लखन लाल देवांगन
मुख्य वक्ता उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि अटल बिहारी बाजपेयी ने हर परिस्थिति में राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा। पोखरण परमाणु परीक्षण जैसे साहसिक निर्णय और छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण जैसे ऐतिहासिक कदम उनकी दूरदर्शिता और दृढ़ इच्छाशक्ति के प्रमाण हैं। उन्होंने पत्रकारिता और काव्य के माध्यम से भी लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूती प्रदान की।

अटल बिहारी बाजपेयी का जीवन कार्यकर्ताओं के लिए मार्गदर्शक – गोपाल मोदी
भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि अटल बिहारी बाजपेयी का जीवन भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने राजनीति में शुचिता, मर्यादा और संवाद की परंपरा स्थापित की, जो आज भी उतनी ही प्रासंगिक है। अटल जी ने विरोधियों का भी सम्मान कर लोकतंत्र को मजबूत किया।
राजनीति को सेवा और राष्ट्र निर्माण का माध्यम बनाया – ब्रजेन्द्र शुक्ला
जिला संगठन सह प्रभारी ब्रजेन्द्र शुक्ला ने कहा कि अटल बिहारी बाजपेयी ने राजनीति को केवल सत्ता का साधन नहीं, बल्कि सेवा और राष्ट्र निर्माण का माध्यम बनाया। उनके विचारों को आत्मसात कर ही एक सशक्त, आत्मनिर्भर और समरस भारत का निर्माण संभव है। उनकी कविताएं राष्ट्रप्रेम, मानवता और संवेदना से परिपूर्ण हैं।
इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक एवं जिला कोषाध्यक्ष अजय पांडेय, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक चावलानी, एमआईसी सदस्य हितानंद अग्रवाल, जिला महामंत्री अजय विश्वकर्मा, जिला उपाध्यक्ष लक्की नंदा, सह कोषाध्यक्ष नवीन अरोरा, जिला मंत्री अजय दुबे, सतीश झा, मंडल अध्यक्ष डॉ. राजेश राठौर, योगेश मिश्रा, डिलेन्द्र यादव, मनोज लहरे, मनीष मिश्रा, राकेश नागरमल अग्रवाल, डॉ. विजय राठौर, राजेश लहरे, अजय चन्द्रा, प्रदीप सिंह, नीरज ठाकुर, उदय श्रीवास्तव, उत्तम जायसवाल एवं सूरज पांडेय सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी और पार्षदगण उपस्थित रहे।
संगोष्ठी के दौरान अटल बिहारी बाजपेयी के जीवन संघर्ष, काव्य रचनाओं और राष्ट्र निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान को स्मरण करते हुए उपस्थित कार्यकर्ताओं ने उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। पूरा कार्यक्रम देशभक्ति, प्रेरणा और राष्ट्र सेवा के भाव से ओतप्रोत वातावरण में संपन्न हुआ।





